धारूहेड़ा के वार्ड नंबर-4 में शनिवार देर शाम शराब विवाद में कंवर सिंह उर्फ पैकारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सेक्टर-6 थाना पुलिस ने आठ लोगों को नामजद किया है। हत्या की वारदात को पूरी साजिश के तहत अंजाम दिया गया था। गोली मारने वाले दो आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को अवैध शराब बेचने को लेकर रंजिश में हत्या करने का अंदेशा है।
शनिवार की शाम वार्ड नंबर चार निवासी कंवर सिंह उर्फ पैकारी अपने दो दोस्तों के साथ घर के सामने बैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर कंवर सिंह की हत्या कर दी थी। हत्या करने वाले दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। आरोपियों ने पूरी साजिश के तहत रेकी करने के बाद हत्या की थी। दो युवक वहां पहुंचते ही कंवर सिंह पर गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं। गोली लगने के बाद भी कंवर सिंह ने भागकर बचने का प्रयास किया था, लेकिन बदमाश गोलियां बरसाते हुए पीछा करते रहे। पांच गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई रॉकी ने वाल्मीकि मोहल्ला वार्ड नंबर-चार निवासी विशाल सारसर, अजय, गुल्लू उर्फ प्रीतम व सुन्नू उर्फ रवि, अलावलपुर नंदरामपुर बास निवासी सुरेंद्र, धारूहेड़ा निवासी विशु उर्फ विश्वास, मोहल्ला खलियवास निवासी सचिन उर्फ कच्चू व सिधरावली निवासी पवन पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
21 मई को विश्वास को किया था गिरफ्तार
सीआईए-टू धारूहेड़ा की टीम ने 21 मई को विश्वास उर्फ विशु को अवैध रूप से शराब ले जाते हुए कार सहित गिरफ्तार किया था। कंवर सिंह भी शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस को शराब की अवैध बिक्री को लेकर आपसी रंजिश में हत्या का अंदेशा है।
काफी दिनों से सुर्खियों में था पैकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार कंवर सिंह उर्फ पैकारी धारूहेड़ा में कुछ समय से सुर्खियों में था। वह लंबे समय से शराब ही नहीं, बल्कि अन्य नशा बेचने का काम कर रहा था। साथ ही इसी धंधे के चलते दूसरे गुट के साथ उसकी दुश्मनी चल रही थी। पैकारी पर खुद मारपीट, शराब बेचने आदि के काफी मामले दर्ज हैं।