रेवाड़ी। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के रेवाड़ी आने की संभावना पर बुधवार को जयपुर मंडल के सहायक मंडल रेल प्रबंधक (संरचना) (एडीआरएम इंफ्रा) मनोज कुमार गर्ग रेवाड़ी जंक्शन स्टेशन पर पहुंच गए। यहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने रेलवे अस्पताल के प्रबंधक डॉ. केशव गुप्ता से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछताछ की। करीब आधा घंटा अधिकारियों के साथ बातचीत करने के बाद वे सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हुए।
उन्होंने कहा कि यह उनका रूटीन का दौरा है। रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नियमित अंतराल पर निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने रेलमंत्री या रेल प्रबंधक के आगमन को लेकर कुछ भी बताने से इनकार किया। इस मौके पर अधीक्षक सत्यपाल सिंह, रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त अवतार सिंह तूर, आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी और रेलवे अस्पताल के अधिकारी और रेल यात्री संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रेवाड़ी से पालनपुर तक हुए विद्युतीकरण का होना है उद्घाटन
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा रेवाड़ी से गुजरात के पालनपुर तक विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। रेवाड़ी से पालनपुर रेलखंड के विद्युतीकरण और दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। रेवाड़ी से पालनपुर 716 किलोमीटर रेलखंड का विद्युतीकरण काम पूरा कर लिया गया है। रेवाड़ी-अजमेर वाया फुलेरा, रेवाड़ी-अजमेर वाया जयपुर, जयपुर-सवाई माधोपुर एवं अजमेर-उदयपुर रेलखंडों पर इलेक्ट्रिक ट्रेन पर यात्री रेल-सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। अब तक 2259 किलोमीटर रेल लाइन विद्युतीकृत हो चुकी है।