रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) मीरपुर में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग), बीकॉम (लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट) और एमए अर्थशास्त्र में विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है।
कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. सतिंदर बल गुप्ता ने बताया कि बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में शेष रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश समिति संयोजक डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि रिक्त सीटों पर दाखिला पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
प्रवेश विश्वविद्यालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप है बीकॉम लॉजिस्टिक्स पाठ्यक्रम
विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग ने औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए शैक्षणिक सत्र से बीकॉम (लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट) पाठ्यक्रम शुरू किया है। विभागाध्यक्ष प्रो. रविंद्र ने बताया कि यह पाठ्यक्रम रेवाड़ी, धारूहेड़ा, बावल और गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ वेयरहाउसिंग और ई-कॉमर्स क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन प्रबंधन का सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए मैन्युफैक्चरिंग, ई-कॉमर्स, वेयरहाउसिंग, शिपिंग, एविएशन और अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। सीटें सीमित हैं और प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
एमए अर्थशास्त्र में 14 अगस्त तक होंगे दाखिले
आईजीयू में एमए अर्थशास्त्र की रिक्त सीटों पर भी प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है। विभागाध्यक्ष प्रो. सतीश कुमार ने बताया कि दाखिले पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होंगे और प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित की गई है। एमए अर्थशास्त्र में सूक्ष्म एवं समष्टि अर्थशास्त्र, सार्वजनिक वित्त, आर्थिक विकास, सांख्यिकीय तकनीक, शोध पद्धति और भारतीय अर्थव्यवस्था जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच और आंकड़ों के अध्ययन की क्षमता विकसित करने के साथ उच्च शिक्षा, शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं, बैंकिंग, वित्त, डेटा विश्लेषण और नीति निर्माण जैसे क्षेत्रों में कॅरिअर के अवसर प्रदान करता है।