संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। खोल थाना क्षेत्र के एक सरकारी मिडिल स्कूल में 3 छात्राओं से छेड़खानी करने के आरोपी शिक्षक को सस्पेंड करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग को सिफारिश भेजी है। वहीं, छुट्टी मंजूर करने वाले प्रिंसिपल से जवाब मांगा गया है।
जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो प्रिंसिपल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी ने स्कूल प्रिंसिपल को 30 जुलाई तक छुट्टी के लिए आवेदन कर दिया है। प्रिंसिपल ने आरोपी की छुट्टी मंजूर कर दी थी। बाद में बढ़ते दवाब के बाद छुट्टी को कैंसिल किया गया। इसके लिए प्रिंसिपल से जवाब मांगा गया है।
मिडिल स्कूल की 3 छात्राओं ने सोशल साइंस के टीचर राजेश पर 18 जुलाई को छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। छेड़छाड़ का आरोपी टीचर 19 जुलाई को स्कूल आने की बजाय छुट्टी पर रहा। उसके बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए राजस्थान भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार 18 जुलाई को एक छात्रा ने हंगामा किया तो घटना का खुलासा हुआ। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।