संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली (रेवाड़ी)। थाना कोसली पुलिस ने बिजली विभाग में एलडीसी पद की परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान माता मोहल्ला कोसली निवासी योगेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसे पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
मामले में सीएम फ्लाइंग की ओर से अपने स्तर पर जांच करने के बाद वर्ष 2021 में थाना कोसली में पेपर लीक का मामला दर्ज कराया गया था।जांच अधिकारी प्रबंधक थाना कोसली निरीक्षक कश्मीर सिंह ने बताया कि 16 सितंबर 2021 को सीएम फ्लाइंग के निरीक्षक सूबे सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि लिलोढ़ निवासी सचिन की ओर से एयर फोर्स, डीएमआरसी, आईटीबीपी हरियाणा में क्लर्क, लाइनमैन आदि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर सिस्टम हैक कराकर पेपर में पास करवाने का आश्वासन दिया गया था। इस दौरान पैसे लेने व एक व्यक्ति को 25 तारीख को हरियाणा स्टॉफ सलेक्शन कमीशन द्वारा आयोजित बिजली विभाग में एलडीसी विज्ञापन नं 11/2019 कैटेगरी नं 4 पद की परीक्षा में पेपर लीक करके नौकरी दिलाने बारे में जांच मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी ने की थी।
जांच में पाया गया कि आरोपी सचिन व उसके अन्य साथियों की कई लोगों से बातचीत हुई थी। इस दौरान दीपक यादव, अमित, प्रीतम, अमित कुमार, संदीप, राजेश, मनोज, योगेश कुमार, पूजा यादव, दीपक व प्रीति को जांच में शामिल करके इनके बयान दर्ज किए गए। पूजा निवासी बेरली, दीपक निवासी लिलोढ़, दीपक निवासी बेरली, मनोज निवासी लिलोढ़ के बयान के बाद आरोपी सचिन कुमार की ओर से उक्त प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक करवाने का मामला सच पाया गया था। पूजा ने अपने बयान में स्वीकार किया है कि करनाल सेंटर के अंदर परीक्षा में वही प्रश्न आए जो पेपर लीक करके सचिन व उसके साथियों ने पढ़ाया था। पूजा यादव इस परीक्षा में चयनित पाई गई और उसका चयन यूएचबीवीएनएल में हुआ था। इस पर पुलिस ने थाना कोसली में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त तीन आरोपी सचिन, पूजा यादव व सचिन यादव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने योगेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।