संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। निवेश के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा देकर कई लोगों को तीन करोड़ रुपये की चपत लगाने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला के गांव टांकडी हाल आबाद चांद विहार नगर खातीपुरा जयपुर निवासी रणधीर सिंह के रूप में हुई है।
आरोपी रणधीर सिंह पर यूपी के थाना इंदिरापुरम, पानीपत सिटी और थाना शिवदासपुरा जयपुर में ठगी के तीन मामले में दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस ने आरोपी पर दो हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
31 मार्च को महेंद्रगढ़ के गांव धनोंदा निवासी जिले सिंह ने शिकायत में बताया था कि उससे सेक्टर-4 में रहने वाले वेदप्रकाश ने पैसे उधार लिए थे। उसी समय उसकी वेदप्रकाश से जान-पहचान हुई थी। वेदप्रकाश ने दुबई में एक फर्म रजिस्ट्रर्ड कराई थी, जिसके निदेशक वेदप्रकाश, रणधीर व जयसिंह थे।
इन लोगों ने दुबई में पैसा निवेश करने पर दो साल में पैसा दोगुना करने का झांसा दिया था। इस पर उसने कई साथियों के साथ मिलकर 3 करोड़ रुपये निवेश किए थे। बाद में पता चला कि यह लोग कई लोगोें से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।
आरोपियों के परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल हैं। इन लोगों के खिलाफ यूपी व राजस्थान के साथ-साथ हरियाणा के कई थानों में भी धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना माडल टाउन में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा पुलिस ने रणधीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।