रेवाड़ी। पकड़ा गया आरोपी पुलिस टीम के साथ। स्रोत : पीआरओ
धारूहेड़ा। पुलिस ने दस साल पहले दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर ट्रक चालक और उसके साथियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर नकदी व मोबाइल लूटने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला पलवल के गांव उटावड़ निवासी जमशेद उर्फ लाडो के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 में थाना धारूहेड़ा क्षेत्र में चालक को बंधक बनाकर कंटेनर गाड़ी से सामान लूटने का मामला भी दर्ज है। इस मामले में भी आरोपी काफी दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि राजस्थान के जिला अजमेर के गांव उनूतिया निवासी जाकिर हुसैन ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह अपने दो साथी गूड्डु व शाहरुख के साथ गाड़ी में पशु भरकर नसीराबाद से दिल्ली गाजीपुर मंडी में बेचने के लिए आया था। गाड़ी खाली करने के बाद वह करीब 38 लाख 67 हजार रुपये नकद लेकर अपने साथी गूड्डु व शाहरुख के साथ दिल्ली से नसीराबाद के लिए रवाना हुआ था। 16 मई 2014 को अलसुबह करीब 3 बजे जब वह कापड़ीवास पहुचे तो कुछ लोगो ने उन्हें हथियार के बल पर बंधक बना लिया तथा उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना धारूहेड़ा में मामला दर्ज कर आरोपी इस्लाम खान, अल्ताफ और नौमान उर्फ नम्मा उर्फ इनामुल हसन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख 10 हजार रुपये व 1 देसी कट्टा बरामद किया।