रेवाड़ी-नारनौल रोड पर नांगलमूंदी बस स्टैंड पर मंगलवार रात डंपर की बाइक में टक्कर से आसमपुर मामडिया निवासी सैनिक आनंद और उनके दोस्त दलीप की मौत हो गई। गांव के दो जवान युवकों की मौत से मातम छा गया। वहीं सैनिक आनंद जिस बेटी के जन्म पर छुट्टी पर आए थे, वह उसे ठीक से दुलार तक नहीं कर पाए और हादसे में उनकी जान चली गई।
आसमपुर मामडिया निवासी आंनद श्रीनगर में 313 फील्ड बटालियन में तैनात थे। पहले बच्चे के जन्म से पहले घर छुट्टी पर आए थे।15 जुलाई को ही आनंद बेटी का पिता बने थे, लेकिन हालात ऐसे हैं कि जिस नवजात के लिए दुलार करने के लिए आनंद छुट्टी पर आए थे उसको ठीक से गोद में भी नहीं ले सके। आनंद की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। घर में आनंद के अलावा दो बहन हैं, उनकी शादी हो चुकी है। दस दिन बाद ही आनंद को छुट्टी से ड्यूटी पर जाना था।
खुशी मातम में बदली
मामड़िया आसमपुर निवासी 23 वर्षीय आनंद घर में बेटी के जन्म पर बहुत ही खुशी थी। मंगलवार रात को वह अपने दोस्त 26 वर्षीय दलीप के साथ कुछ सामान लाने के लिए नांगलमूंदी बस स्टैंड पर आए थे बस स्टेंड के नजदीक उसकी बाइक को डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां पर दोनों दोस्तों ने दम तोड़ दिया। आनंद 15 जुलाई को पहले संतान का पिता बने थे। वहीं दलीप की शादी नहीं हुई थी। इधर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।