धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इनोवा कार में लिफ्ट लेने वाले युवक से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। कार सवार दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज छीन लिए और डेबिट कार्ड का पासवर्ड पूछकर खाते से 45 हजार रुपए निकाल लिए। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के सीकर जिले के गांव सुंदरिया दातारामगढ़ निवासी सुवालाल मुवाल ने बताया कि वह फिलहाल राजस्थान के टपूकड़ा में एक सोसाइटी में रह रहा है। वह भिवाड़ी में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार रात उसे किसी जरूरी काम से घर से फोन आया और वह टपूकड़ा से अपने गांव जाने के लिए निकल पड़ा। वह रेवाड़ी के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर हाईवे के फ्लाईओवर पर खड़ा होकर वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसी बीच एक इनोवा कार आकर उसके पास रूकी और चालक ने पूछा क्या उसे जयपुर जाना है। सुवालाल को जयपुर बाईपास पर जाना था। ऐसे में वह कार में लिफ्ट लेकर सवार हो गया। कार में पहले से दो युवक बैठे हुए थे। सुवालाल के अनुसार हाइवे पर करीब 2 किलोमीटर चलने के बाद अचानक चलती कार में अगली सीट पर बैठे युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके मोबाइल फोन छीन लिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड भी छीन लिया।
हाईवे पर फेंककर फरार हो गए आरोपी
सुवालाल ने बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके डेबिट कार्ड का पासवर्ड भी ले लिया। इस बीच उसने चलती कार से ही शीशा खोलकर राहगीरों से मदद भी मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कुछ देर बाद आरोपी उसे हाईवे पर फेंककर फरार हो गए। सुवालाल वापस अपने टपूकड़ा स्थित घर पहुंचा और किसी की मदद से तुरंत अपना खाता बंद कराया लेकिन तब तक आरोपी उसके खाते से 45 हजार रुपये निकाल चुके थे।