पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचे मृतक के परिजन। स्रोत : वीडियो ग्रैब
बावल। वैलेंटाइन डे के दिन नांगल तेजू निवासी प्रतीक (21) की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
प्रतीक 14 फरवरी को अपनी चाची को बावल छोड़ने गया था। घर लौटने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। उसे बावल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां से उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया। रेवाड़ी स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान प्रतीक की मौत हो गई। चर्चा है कि प्रतीक उसी दिन एक युवती से मिलना चाहता था लेकिन युवती ने मिलने से इनकार कर दिया था।
युवती के परिजनों ने फोन कर प्रतीक को अपनी बेटी से दूर रहने की बात कही थी। युवक की मौत दोपहर करीब 3 बजे के आसपास हुई। इसी दिन युवती के परिवार की ओर से फोन कर बेटी से दूर रहने की बात कही गई थी।
बताया जा रहा है कि युवती की शादी पहले ही किसी अन्य स्थान पर तय हो चुकी थी। करीब दो माह पूर्व भी लड़की के परिवार की ओर से दूर रहने को कहा गया था।
माता-पिता का था इकलौता बेटा: प्रतीक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
-
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेस प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।-संजय, प्रभारी, थाना बावल।