संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव संगवाड़ी के पास सर्विस रोड पर वीरवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय मनीषा की मौत हो गई जबकि उसका भाई समयपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गांव संगवाड़ी के पास रहने वाले भाई-बहन मनीषा और समयपाल अपने मामा के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक खराब हो गई। इसके बाद मामा बाइक को ठीक कराने के लिए हाईवे के किनारे स्थित एक मैकेनिक की दुकान की ओर चले गए। इस दौरान दोनों भाई-बहन सर्विस रोड के किनारे खड़े होकर मामा का इंतजार कर रहे थे।
उसी समय से तेज गति में आ रहे ट्रक अनियंत्रित ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया। वहीं समयपाल का उपचार जारी है। उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। मनीषा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।