200 बेड वाले अस्पताल को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण। स्रोत : समिति
रेवाड़ी। 200 बेड का अस्पताल बनाओ संघर्ष कमेटी रामगढ़ भगवानपुर का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। धरना-प्रदर्शन में हर रोज अलग-अलग गांवों से लोग शामिल हो रहे हैं तथा ग्रामीणों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। धरने में रामगढ़ भगवानपुर के अलावा बुड़ाना, बुड़ानी, फिदेड़ी, तुर्कियावास,फदनी, रोझका,मीरपुर, गोकलपुर, कुम्भावास, डाबड़ी, काकोडीया, मुंढलिया घुडकावास, नयागांव आदि दर्जन भर से अधिक गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। धरना की अध्यक्षता राव लाल सिंह ने की।
अनिल कुमार ने कहा जब तक हमारी मांग को नहीं माना जाएगा तब तक अनिश्चितकाल धरना जारी रहेगा। धरना में विरेन्द्र सिंह फौजी भगवानपुर ने प्रण लिया है कि जब तक रामगढ़ भगवानपुर में 200 बेड के अस्पताल की घोषणा नहीं होती है तब तक अपनी दाढ़ी नहीं कटवाएंगे।
25 जुलाई को रामगढ़ भगवानपुर अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति द्वारा जनसंपर्क व जन जागरण अभियान की शुरुआत गांव मीरपुर से की जाएगी। मीरपुर ग्रामवासियों ने मोमबत्ती जलाकर लोगों को जागरूक करने का प्रण लिया व सभी ने एकजुट होकर रामगढ़ भगवानपुर में 200 बेड का अस्पताल बनाने के लिए मीरपुर गांव ने तन, मन और धन से धरने का समर्थन किया।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष महिपाल एडवोकेट व राजपाल ने धरना स्थल पर आकर अपना समर्थन दिया और यह बताया कि हम रामगढ़ भगवानपुर में 200 बेड का अस्पताल बनवाने के लिए अपने जिला सचिवालय महेंद्रगढ़ में ज्ञापन भी देंगे। धरना स्थल पर शेरसिंह मीरपुर, रमेश चंद्र एडवोकेट, एडवोकेट सुधीर कुमार मीरपुर, अभय सिंह, सतीश सरपंच बुडानी, रामकुमार बुडानी व अन्य लोग मौजूद रहे।