रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के पास बुधवार अलसुबह अज्ञात कारणों के चलते रोड़ी (बजरी) से भरे एक ट्राले में आग लग गई। केबिन में आग का धुआं उठता हुआ देख चालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना के बाद बावल से दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
जयपुर की तरफ से रोड़ियों से भरा एक ट्राला बुधवार अलसुबह दिल्ली के लिए चला था। जैसे ही ट्राला जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के पास पहुंचा तो ट्राले के अगले हिस्से केबिन में से धुआं उठने लग गया। चालक ने तुरंत ट्राले को साइड में खड़ा किया और कूद गया। इससे पहले चालक कुछ समझ पाता आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरा केबिन और फिर पिछले हिस्से तक आग पहुंच गई। हाईवे के बीच ट्राले में आग लगती देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना के बाद बावल से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रालक में आग लगने के बाद हाईवे पर जयपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाली लाइन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद ट्रैफिक को सुचारु किया।