रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला थाना पुलिस ने मंगलवार की देर रात नाकाबंदी के दौरान भैंसों से भरे एक कैंटर को पकड़ा है। साथ ही 3 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। आरोपियों की पहचान चरखी दादरी के गांव बधवाना निवासी फूरकान, नूंह जिला निवासी हकमुद्दीन व गुरुग्राम के कस्बा पटौदी के वार्ड नंबर-7 निवासी सरफराज के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि कसौला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जयपुर की तरफ से एक कैंटर गाड़ी में भैंसें भरकर ले जाई जा रही हैं। सूचना के बाद पुलिस ने आसलवास के पास नाकाबंदी कर दी। इस दौरान जयपुर से दिल्ली की तरफ एक कैंटर आता हुआ दिखाई दिया। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने कैंटर को रुकवा लिया। कैंटर की जांच में 34 भैंसें मिलीं। इस पर पुलिस ने चालक सहित उसमें सवार 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान चरखी दादरी के गांव बधवाना निवासी फूरकान, नूंह जिला निवासी हकमुद्दीन व गुरुग्राम के कस्बा पटौदी के वार्ड नंबर-7 निवासी सरफराज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी कैंटर में भैंसों को भरकर यूपी की तरफ लेकर जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।