रेवाड़ी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम 2025-26 के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। लघु सचिवालय सभागार में चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त अभिषेक मीणा ने की।
ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों में से विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 85 किसानों का चयन किया गया। इनमें ट्रैक्टर माउंटिड लोडर (बिना ट्रैक्टर) 3, सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर कम बाइंडर 13, ट्रैक्टर चालित टेडर मशीन 1, ट्रेल्ड टाइप चॉपर, शेडर 2, माउन्टिड टाइप स्ट्रा चॉपर, मल्चर 3, सुपर सीडर 37, स्मार्ट सीडर 1 शामिल है।
इसके अलावा हैप्पी सीडर 1, हाइड्रोलिक रिवर्सीबल एमबी. प्लॉव 6, सुपर एसएमएस 1, ट्रैक्टर माउन्टिड क्रॉप रीपर 7, सेल्फ प्रोपेल्ड क्रॉप रीपर 1, सरफेस सीडर 1, स्पेशल जीरो टिल ड्रिल 2, जीरो टिल सीड कम फर्टीलाइजर ड्रिल 4 और शर्ब मास्टर, रोटरी स्लेशर 2 शामिल हैं। इन सभी चयनित किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया कि चयनित किसानों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यदि किसी किसान के दस्तावेज अधूरे होंगे तो उन्हें 8 सितंबर तक जमा करवाना होगा। जांच उपरांत ऑनलाइन अनुदान पात्रता प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
चयनित किसानों को विभागीय पोर्टल पर अपनी पसंद के निर्माता या डीलर से 25 सितंबर तक यंत्र खरीदना होगा और संबंधित बिल, ई-वे बिल व जीपीएस सहित मशीन की फोटो 30 सितंबर तक पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।