21 को होगी मेगा मॉक ड्रिल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। भूकंप आने की स्थिति में तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरियाणा के सभी जिलों में 21 दिसंबर को मेगा मॉक ड्रिल एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में जिला रेवाड़ी में भी 21 दिसंबर को प्रात: 10 बजे भूकंप व आपदा आने की सूचना दी जाएगी। इस संबंध में शनिवार को जिला लघु सचिवालय के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त व आपदा प्रबंधन के इंसीडेंट कमांडर कैप्टन मनोज कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि 21 दिसंबर को जिले में 5 जगहों पर भूकंप से प्रतिकात्मक नुकसान मानकर मॉक ड्रिल की जाएगी, जिसमें भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की टीमें भी कुछ जिलों में राहत के लिए पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी संबंधित विभाग अपने संशाधनों की पहचान करके रखें और पूरी रिसोर्स मैपिंग कर लें। राहत कार्य में मैनपावर का बहुत महत्व है, जिसके लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व एनजीओ को भी इस कार्य में शामिल किया जाएगा।
एडीसी ने कहा कि 21 दिसंबर की मॉक ड्रिल के लिए कम से कम 5 टास्कफोर्स पहले से प्लान कर लें। इसके बाद सभी संशाधनों को क्लब करके टास्क फोर्स कमांडर राहत पहुंचाने के लिए कार्य में लग जाएं। इंसीडेंट कमांडर ने बताया कि 21 दिसंबर को प्रात: 10 बजे भूकंप आने की सूचना का सांकेतिक सायरन महत्वपूर्ण लोकेशन पर बजाया जाएगा। सायरन बजते ही वहां पर भवनों में काम करने वाले लोग स्वयं को बचाने के लिए कवर तथा होल्ड करेंगे अर्थात अपने ऑफिस के कमरे के कोने में खड़े हो जाएंगे या फिर टेबल या अन्य किसी वस्तु के नीचे घुसकर स्वयं को बचाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान यह भी माना जाएगा कि आपके मोबाइल और लैंडलाइन फोन भी काम करना बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि इन्सीडेंट रिस्पोंस सिस्टम (आईआरएस) के तहत आपदा प्रबंधन के लिए उत्तरदायी सभी अधिकारी इसकी सूचना तत्काल राज्य तथा जिले के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को देंगे। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल मुख्य उद्देश्य लोगों को आपदा के समय खुद और दूसरों के बचाव के बारे में बताया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम कुशल कटारिया, एसडीएम कोसली रविंद्र यादव, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार, नगराधीश डॉ. विरेंद्र सिंह, आईटीबीपी के आरएस मीणा, डीडीपीओ एसी कौशिक, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव, जिला अग्निशमन अधिकारी एसके सांगवान उपस्थित थे।