रेवाड़ी। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद लोगों में आक्रोश है। समाज का हर तबका सैनिकों की शहादत से गुस्से में है। हर कोई ऐसी कायराना हरकत का कठोर जवाब देने की बात कह रहा है। वकील, पूर्व सैनिक, डॉक्टर, छात्र नेता, सामाजिक संगठनों के प्रधान, शिक्षक सहित सभी वर्गों ने एक स्वर में कहा कि सरकार इस हमले के बाद चुप न बैठे। सैनिकों को पूरा सम्मान दिया जाए। सेना को आधुनिक हथियार व सुरक्षा प्रणाली मजबूत करनी चाहिए। लोगों ने कहा कि मोदी सरकार अब पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दे। लोगों को कहना है कि आतंकवादियों द्वारा भारत पर किया गया यह सबसे बड़ा हमला है। आतंकवाद व पाकिस्तान दोनों को अब कड़ा जवाब देने का समय आ गया है। सरकार को ऐसे कदम उठाना चाहिए ताकि कोई आतंकवादी संगठन दोबारा इस तरह की हरकत न कर सके।
- हमारे वीर शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। आज पूरा भारत शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है। पाकिस्तान आतंकवादियों को पनहा दे रहा है। इसलिए कोई भी आतंकवादी बचना नहीं चाहिए, चाहे वो भारत का क्यों न हो। -रि. सूबेदार उदमीराम।
- यह समय बातचीत का नहीं, बल्कि आतंकवादियों को खात्मे का समय है। बार-बार पाकिस्तान भारत में आतंकवादी भेज कर हमारे सैनिकों को मार रहा है। अगर हमने अब भी सबक नहीं लिया तो कब लेंगे। इस हमले के पीछे किसी का भी हाथ हो, उसे जल्द से जल्द खत्म कर बदला लिया जाए। -रि.कैप्टन भगवान सिंह।
- शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमारी सेना हर तरह के हमलों को जवाब देने में सक्षम है। सरकार को खुली अब सेना की खुली छूट कर देनी चाहिए। एक-एक आंतकवादी को चुन चुनकर मारने का समय आ गया है।
अनूप यादव, भारतीय स्कूल नांगल मूंदी।
- पुलवामा हमला एक कायराना हरकत है। पाकिस्तान अपनी आदतों से बाज नहीं आने वाला है। सरकार को इस बार कोई बड़ा कदम उठाना चाहिए। तभी आतंकवाद जैसी समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।
डॉ. भीम सिंह एसपी स्कूल
- पाकिस्तान द्वारा आतंकवादी संगठनों को सहायता प्रदान की जाती है। सरकार को पहले की तरह बातचीत नहीं करनी चाहिए। बातचीत करने से इस तरह की समस्या का हल नहीं होता है। सरकार को कोई बड़ा कदम उठाना होगा।
डॉ. अभय कुमार।
- यह जवानों की शहादत का बदला लेने का समय है। सरकार व सेना को बड़ा निर्णय लेना चाहिए। आतंकवाद का स्थायी समाधान यही है कि कश्मीर में बडे़ स्तर पर अभियान चलाकर आतंकवाद का खात्मा करना चाहिए। बातचीत से कोई हल नहीं निकलने वाला है।
डॉ. हेमेश्वर।
- देश के हर व्यक्ति के दिल में ज्वाला धधक रहीं है। सीआरपीएफ पर जिस तरह हमला किया गया है वह कायराना है। हमारी को सीना तानकर की इस कायरना हरकत का जवाब देना होगा। सरकार को सेना की खुली छूट कर देनी चाहिए।
एडवोकेट चरण सिंह यादव।