सूअर चोरी करने और मालिक पर गोली चलाने वाले आलू गैंग के दो गुर्गे काबू
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। कसौला थाना क्षेत्र के गांव पांचौर से चार जनवरी की रात प्लाट का ताला तोड़कर 25 सूअर चोरी करने तथा मालिक द्वारा विरोध करने पर फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला करने मामले में कसौला थाना पुलिस ने आलू गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान धारूहेड़ा चुंगी निवासी योगेश उर्फ भोटा व बंजारवाड़ा निवासी नीरज उर्फ दीपक के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गांव पांचौर निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसने अपने घर के पास ही प्लाट में सुअर बांधे हुए थे। 4 जनवरी की रात आलू गैंग के बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे, जिन्होंने प्लाट का ताला तोड़ा और उसके बाद सूअरों को आटे में कुछ दवा खिला दी। आटे में दवाई खाते ही सुअर बेहोश हो गए। उसके बाद एक-एक कर करीब 25 सुअरों को गाड़ियों में डाल दिया गया। आवाज सुनकर राहुल बाहर निकला तो योगेश उर्फ भोटा ने उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में राहुल बाल-बाल बच गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। कसौला थाना पुलिस ने शिकायत के बाद आलू गैंग के बदमाश योगेश उर्फ भोटा व उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए जांचकर्ता एएसआइ गुरदयाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा तथा वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार, गाड़ी व अन्य आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।