अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिला में पांच और छह जनवरी को होने वाली एच-टेट की परीक्षा के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को अध्यापक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अशेेक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में उपायुक्त ने केन्द्र के अधीक्षकों, स्कूल मुखियाओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों को परीक्षा को बाधा और नकल रहित कराने के निर्देश दिए। जिला में एचटेट की परीक्षा में 19 केद्रों पर 13680 अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के लिए 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं और सभी परीक्षा केंद्रों में ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों से परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर चर्चा की। परीक्षा को व्यवस्थित तरीके से करवाने के लिए एसडीएम जितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी लगाया गया है। 5 जनवरी को लेवल-3 पीजीटी की परीक्षा सायंकालीन सत्र में 3 बजे से 5:30 बजे तक होगी। 6 जनवरी को लेवल-2 टीजीटी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। इसी दिन लेवल-1 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक होगी। बताया कि ड्यूटी पर तैनात सभी मजिस्ट्रेट, सुपरवाईजर व अन्य कर्मचारी अपडेट रहकर परीक्षाओं का सफल संचालन करवाए। परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी अपना पहचान पत्र अपने पास अवश्य रखें। परीक्षा के संचालन करने के लिए के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों की 200 मीटर परीधि में धारा-144 लागू रहेगी। बैठक में एडीसी प्रदीप दहिया, पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, एसडीएम जितेंद्र कुमार, सीटीएम डॉ. विरेन्द्र सिंह, डीएसपी अनिल कुमार, जिला शिक्षाधिकारी रामकुमार फलसवाल, शिक्षा बोर्ड अधीक्षक सुखबीर यादव व सहायक विक्रम सिंह सहित जिला में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों के संचालक व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इन 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा
डीसी ने बताया कि जिला में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें लेवल-1 में 14, लेवल-2 में 19 और लेवल-3 में 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। जिला में एचटेट की परीक्षा के लिए 13680 अभ्यर्थी को केंद्र आवंटित किए गए हैं। जिनमें लेवल-1 में 4308, लेवल-2 में 5764 व लेवल-3 में 3608 अभ्यर्थी परीक्षा देगें। अहीर कॉलेज में दो, आरडीएस पब्लिक गर्ल्स कॉलेज में एक, स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल में दो, केएलपी कालेज में एक, राव प्रहलाद सिंह पब्लिक स्कूल बालियर कलां में दो, यूरो इंटरनेशन स्कूल बालियर खुर्द में एक, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना में दो, सोमाणी इंस्टीटयूट में एक, माताराज कौर इंजीनियरिंग कालेज में दो, सनग्लो इंटरनेशन स्कूल में दो, कैंब्रिज स्कूल गढ़ी बोलनी रोड में एक, दिल्ली पब्लिक स्कूल में एक, हरी सिंह पब्लिक स्कूल कंपनी बाग रेवाड़ी में एक परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
सभी केंद्रों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे और जैमर
उपायुक्त अशोक कमार शर्मा ने परीक्षा केन्द्र अधीक्षकों को बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी लगे रहेंगे। वहीं परीक्षा केन्द्र परिधि में जैमर लगाए जांएगे और अभ्यर्थी की बायोमीट्रिक मशीन से हाजरी लगवाई जाएगी। परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम बनाया है। जिसका नंबर 01274-224159 व मोबाइल नंबर 9416320360 है।