संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में डेंगू के मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। सोमवार को बुखार पीड़ितों के रक्त के नमूनों की हुई जांच में 7 नए डेंगू के मरीज मिले।
नवंबर में मौसम शुष्क और साफ बने होने के बाद भी डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। जिले में हर रोज 4-5 केस आ रहे हैं। सोमवार को लिए गए 46 सैंपल की जांच में 7 मामले नए डेंगू के मरीज मिले। अब मरीजों की संख्या 260 हो गई है। इस बार भी शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 123 केस मिले हैं। डेंगू के कुल मामलों में आधे रेवाड़ी शहर के हैं। डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद को पत्र लिखकर फॉगिंग कराने का आग्रह किया है। इसके बाद भी शहर में फॉगिंग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बहुत से क्षेत्रों में फॉगिंग ही नहीं की गई है। इधर, स्वास्थ्य कर्मियों को भी निर्देश देकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
शहरी क्षेत्र में 123, गुरावड़ा सीएचसी के अंतर्गत 19, मीरपुर सीएचसी के अंतर्गत 42, बावल सीएचसी क्षेत्र में 30, खोल क्षेत्र में 15 व नाहड़ क्षेत्र में 31 केस आ चुके हैं। इसी प्रकार जिले में मलेरिया के 8 मामले मिल चुके हैं।
अबतक लिए गए 4293 नमूने, हर 16वां व्यक्ति पीड़ित मिला
अब तक डेंगू संदिग्ध 4293 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए। इनमें सरकारी व निजी लैब व निजी अस्पताल भी शामिल रहे। इन नमूनों की जांच में हर 16वां व्यक्ति डेंगू से पीड़ित मिला है। इसी तरह पिछले वर्ष लगभग 5500 सैंपल लिए गए थे, जिनकी जांच में हर 13वां पीड़ित पाया गया था। फिलहाल डेंगू का एलाइजा जांच केवल सिविल अस्पताल में ही हो रही है। है। बाकी सीएचसी व पीएचसी में जांच की सुविधा नहीं है। वहां से केवल सैंपल कलेक्ट करके सिविल में ही भेजे जाते हैं।
नोटिस देकर ही झाड़ रहे पल्ला
स्वास्थ्य विभाग की टीम की तरफ से घरों में कूलर, एसी व अन्य जगह भरे पानी अथवा कबाड़ में मच्छरों के लार्वा की जांच की जा रही है। इसके तहत जिन जगह पर जांच में मच्छरों के लार्वा मिले, उनको नोटिस भी दिए जा रहे हैं। इस साल विभाग ने कोई चालान नहीं काटा है। मात्र 4032 लोगों को ही नोटिस थमाया गया है।
वर्जन
जिले में डेंगू नियंत्रित है। इस बार पिछले साल की तुलना में कम केस मिले हैं। अभी तक 260 केस आए हैं। पिछले वर्ष कुल 403 केस आए थे। कुछ दिन और डेंगू का सीजन रहेगा। अगर किसी में डेंगू के लक्षण मिले तो वह नजदीकी अस्पताल में उपचार करा सकते हैं। सिविल अस्पताल में डेंगू का एलाइजा जांच मुफ्त में की जा रही है।- बीरेंद्र सिंह, हेल्थ इंस्पेक्टर, नागरिक अस्पताल