संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। अनाज मंडी में सरसों की फसल बेचने के लिए किसानों की काफी भीड़ लग रही है। मंगलवार को 380 किसानों से करीब 6950 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। यह खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपये के हिसाब से की गई है। सोमवार को 350 किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 7 हजार क्विंटल सरसों खरीदी गई थी।
अनाज मंडी में किसान सुबह ही सरसों बेचने के लिए पहुंच गए थे। कई किसान तो ऐसे थे जो सुबह से लाइन में लगे रहे और दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। किसान गर्मी से काफी परेशान रहे। किसान अपनी सरसों की कटाई लगभग पूरी कर चुके हैं। फिलहाल आने वाले दिनों में मंडी में बंपर आवक होने की संभावना है। हैफेड डीएम प्रवीण शर्मा का कहना है किसान बिक्री करने में जल्दबाजी न करें। किसान अपनी सरसों की फसल को सुखाकर और साफ करके लाएं, ताकि उनको बिक्री के लिए मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े। सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत से कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरसों की खरीद निर्धारित मानकों से ही की जाएगी।
-
पिछले सप्ताह हुई थी ये आवक
पिछले सप्ताह शुक्रवार को 160 किसानों से 2500 क्विंटल सरसों खरीदी गई थी। वीरवार को करीब 57 किसानों से 1100 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। बुधवार को 27 किसानों से 390 क्विंटल सरसों की खरीद की गई थी। मंगलवार को 10 किसानों से 180 क्विंटल सरसों की खरीद की गई थी।
एक दिन में एक किसान 25 क्विंटल सरसों ही बिक्री कर सकते
किसानों के लिए परेशानी का एक कारण ये भी है कि एक दिन में एक किसान केवल 25 क्विंटल सरसों ही बिक्री कर सकते हैं। किसानों को गेट पास 25 क्विंटल सरसों का ही जारी होगा। गेट पास कटवाने के लिए किसानों को फसल पंजीकरण कागज, पंजीकृत किसान का आधार कार्ड, बैंक की कॉपी की एक-एक कॉपी लेकर आनी होगी। अब अगर कोई किसान तय मात्रा से ज्यादा सरसों लेकर आ गया तो बाकी सरसों अगले दिन या फिर दूसरी जगह ही बिक्री करनी पड़ेगी। वहीं सरसों की सरकारी समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है।