संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। अब तक करीब 60 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हुए हैं। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक दाखिला नहीं लिया है, वे 12 अगस्त तक 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिला ले सकते हैं।
महाविद्यालयों की ओर से 13 अगस्त को बची हुई सीटों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। इसके आधार पर आगे की मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इच्छुक विद्यार्थी 13 से 19 अगस्त तक 100 रुपये प्रतिदिन की दर से लेट फीस देकर दाखिला ले सकेंगे।
राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा के एडमिशन नोडल अधिकारी डॉ. मनु कुमार ने बताया कि मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को उनके ईमेल व मोबाइल नंबर पर सूचना भेजी जा रही है। उन्होंने सभी छात्रों से समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
600 से अधिक सीटों पर आवेदन मांगे गए
जिले के 6 सरकारी समेत 3 एडेड महाविद्यालयों की 600 से अधिक सीटों पर आवेदन मांगे गए हैं। शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-18 में एमकॉम में 60, एमएससी भूगोल में 40 सीटें है। राजकीय महाविद्यालय बावल में एमए संस्कृत में 40 और राजकीय महाविद्यालय पाली में एमसीए में 40 सीटें हैं। राजकीय महाविद्यालय कोसली में एमएससी गणित में 40, राजकीय महाविद्यालय गुरावड़ा में एमए राजनीति विज्ञान मे 40 सीटें, अहीर कॉलेज रेवाड़ी में एमकॉम में 40 सीटें, केएलपी महाविद्यालय रेवाड़ी में एमकॉम में 40 सीटें, एमएससी भूगोल में 40 सीटें हैं। आरडीएस महाविद्यालय रेवाड़ी में एमए हिंदी में 40, एमए राजनीति विज्ञान में 40, एमकॉम में 40 और एमए इतिहास 40 सीटें हैं। नए सत्र में आरंभ हो रहे इस कोर्स में छात्राओं की संख्या के अनुसार सीटें बढ़ाई जा सकती हैं।
महाविद्यालयों में सीटों की स्थिति
खरखड़ा महाविद्यालय में एमए (भूगोल) की 40 सीटों में अब तक 17 पर दाखिले हो चुके हैं। एमकॉम की 40 में 18 सीटें भरी गई हैं। वहीं कंवाली महाविद्यालय में एमएससी (भूगोल) की 40 सीटों में 27 और पीजीडीसीए (डिप्लोमा कोर्स) की 25 में से 21 सीटों पर छात्रों ने दाखिला लिया है।
वर्जन
पहली मेरिट सूची के तहत नामांकन की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है। कई छात्र पहले चरण में दाखिला नहीं ले सके हैं। इसके चलते एक बार फिर से पोर्टल खोलने का निर्णय लिया गया है। अब वंचित विद्यार्थी 12 अगस्त तक 100 रुपये की लेट फीस के साथ दाखिला ले सकते हैं।-प्रो. कृष्ण कुमार शर्मा, एडमिशन नोडल अधिकारी