अवैध पदावनति के विरोध में ज्ञापन देते सुरक्षा कर्मी। स्रोत : कर्मचारी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में 52 सुरक्षाकर्मियों ने पदावनति के विरोध में कुलपति को मांगपत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 22 जुलाई तक मांगें नहीं मानी गईं तो वे धरना-प्रदर्शन और सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 23 सितंबर 2023 को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) में पोर्टिंग के दौरान उन्हें बिना कारण बताओ नोटिस जारी किए सिक्योरिटी गार्ड लेवल-दो से सिक्योरिटी मैन लेवल-एक पर पदावनत कर दिया गया। उनका कहना है कि ड्यूटी और कार्य की प्रकृति पहले जैसी ही है लेकिन पदावनति के कारण प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिमाह चार से पांच हजार रुपये तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि तत्काल निरस्त कर उन्हें पुन लेवल-दो पर बहाल किया जाए। 23 सितंबर 2023 से बकाया वेतन (एरियर) का भुगतान किया जाए। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि यदि निर्धारित समय तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन शुरू करेंगे।