रेवाड़ी। जिले के 5 युवा तलवारबाज जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेंगे। 5 तलवारबाजों को चीन के वूशी में 7 से 15 अप्रैल 2025 तक आयोजित होने वाली कैडेट और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।
वर्तमान में सभी तलवारबाज भारत कैंप पुणे में हैं। अनुप्रिया ने पिछले कुछ महीनों से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया सेंटर, औरंगाबाद में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया है। उत्तम नगर में रह रहे सचिन, मंदौला निवासी यशराज, रेवाड़ी शहर में रह रहे सचिन गुर्जर कैडेट फोएल टीम में खेलेंगे। इसमें देश का चौथा सदस्य मणिपुर से है। इसके अलावा उत्तम नगर में रह रही तेजस्विनी गर्ल्स फोएल टीम व पूर्ण नगर निवासी अनुप्रिया गर्ल्स ईपी टीम में प्रतिभा दिखाएंगी। वहीं, कैडेट फॉयल टीम में सचिन शर्मा, यशराज यादव, सचिन गुर्जर और मणिपुर का एक खिलाड़ी है। फॉयल गर्ल्स टीम में तेजस्वनी सांगवान और अनुप्रिया एपी, जिनमें से अनुप्रिया जूनियर श्रेणी में ईपी इवेंट में भी हिस्सा लेंगी। सभी खिलाड़ी व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीत चुके हैं पदक
जिले के तलवारबाजों ने अपने दमदार प्रदर्शन से पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। खिलाड़ी शहर के राव तुलाराम स्टेडियम में चल रही तलवारबाजी की आवासीय अकादमी में कोच राजपाल यादव के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त करते रहे हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल के लिए खिलाड़ी जमकर तैयारी में जुटे हुए हैं। चीन में भाग लेने के लिए ये खिलाड़ी मुंबई से ही रवाना होंगे। इन खिलाड़ियों ने जनवरी में उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित हुई राष्ट्रीय कैडेट चैंपियनशिप में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया था।
खिलाड़ियों को मिल रहा लाभ
रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में आवासीय अकादमी एक साल पहले ही मिली है। प्रशिक्षण कोच राजपाल यादव दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने स्टेट नेशनल व इंटरनेशनल लेवल तक नाम रोशन किया है। कई खिलाड़ियों ने खेल कोटे से नौकरी भी पाई है। कम समय में ही सेंटर ने हरियाणा में अपनी अलग छाप छोड़ी है। हर इवेंट में यहां के खिलाड़ियों का दबदबा होता है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए प्रस्थान तीन चरणों में होगा
सैबर टीम : 4 अप्रैल को रवाना होगी।
फॉयल टीम : 8 अप्रैल को प्रस्थान करेगी।
ईपी टीम : 11 अप्रैल को विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने निकलेगी।