पकड़े गए दोनों आरोपी। स्रोत : पीआरओ
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने कंपनी में इन्वेस्टमेंट के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के जिला लुधियाना के हैबोवाल के मोहल्ला रंजोत पार्क निवासी पवन खुल्लर व जिला लुधियाना के बस्ती जोधेवाल की शिमला कॉलोनी निवासी रोहित कालिया के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी पवन खुल्लर ने अपनी पत्नी के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था। यह बैंक खाता उसने रोहित कालिया के जरिए कमिशन बेस पर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
14 जनवरी को गांव बटोड़ी निवासी अजीत कुमार ने अपनी शिकायत बताया था कि गत वर्ष दिसंबर में उसके मोबाइल फोन पर लॉरयल कंपनी के एप का एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद एप इंस्टाल हो गया। उसे एक वॉट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया, जिसमें एप के जरिए पैसा इन्वेस्ट करने पर अच्छा रिटर्न मिलने की बात कही गई थी। उसने झांसे में आकर गत वर्ष 27 दिसंबर से इस साल 6 जनवरी तक आरोपियों के अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख 59 हजार 654 रुपये जमा करा दिए।
उसने यह राशि अपने व अपने पिता के बैंक खातों के साथ-साथ परिवार के पांच अन्य सदस्यों के खाते से ट्रांसफर कराई थी। जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया, तो उसे उसकी रकम वापस नहीं मिली। इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने पवन खुल्लर व रोहित कालिया को गिरफ्तार किया है।