रेवाड़ी। शहर की 5 और बावल की 3 कॉलोनियों को सरकार ने रेगुलर कर दिया है। इन कॉलोनियों में 20 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। सरकार ने प्रदेशभर में कई अवैध कॉलोनियों को वैध किया है, जिनमें रेवाड़ी जिले की ये आठ कॉलोनियां भी शामिल हैं। सरकार की इस मंजूरी के बाद इन 8 कॉलोनियों की करीब 50 एकड़ जमीन, जो अब शहरी क्षेत्र में आ चुकी है, पर रह रहे लोगों को नगर परिषद की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। शहरी क्षेत्र में अभी भी करीब 30 से ज्यादा अनधिकृत कॉलोनियां हैं, जिनमें लाखों की आबादी निवास करती है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इन अवैध कॉलोनियों में हजारों की संख्या में भवनों का निर्माण भी हो चुका है, लेकिन इन्हें अभी वैध होने में और इंतजार करना होगा। यहां लोगों को डर रहता है कि न जाने किस दिन नगर परिषद या डीटीपी की टीम उनकी कॉलोनी में पहुंच जाए और उनकी मेहनत की कमाई से बनाए भवनों को ध्वस्त कर दे।
इन कॉलोनियों को किया नियमित
सरकार की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, रेवाड़ी शहर के उदय नगर, बुद्ध विहार, खाती कॉलोनी, शिव नगर पार्ट-3, लक्ष्मी नगर फेस-2 के अलावा बावल की नेहचाना रोड पार्ट-2, हनुमान कॉलोनी, संत कबीर कॉलोनी को नियमित कर दिया गया है। अब यहां नगर परिषद की तरफ से मिलने वाली तमाम मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी।
अगस्त में 14 कॉलोनियां हुई थी वैध
इससे पहले अगस्त माह में सरकार की तरफ से करीब 300 एकड़ जमीन पर बनी 14 कॉलोनियां नियमित की गई थी। इन कॉलोनियों में रहने वाली करीब 50 हजार लोगों की आबादी लंबे समय से अपनी कॉलोनी को वैध कराने की मांग कर रही थी। अब सरकार की तरफ से रेवाड़ी और बावल की 8 और कॉलोनियों को रेगुलर कर बड़ी लाभ पहुंचाया गया है।
नगर योजनाकार विभाग ने तैयार किया था खाका
नगर परिषद के हाउस में प्रस्ताव पास करने के बाद सरकार के पास भेजा गया था। इससे पूर्व नगर योजनाकार विभाग ने अपना काम पूरा कर दिया था। शहरी क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है, यही कारण है कि यहां भूमि के दाम के साथ शहरी क्षेत्र का दायरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। नित नई कॉलोनियां बस रही हैं, हालांकि यह कॉलोनियां अवैध हैं। प्रतिबंध के बावजूद अवैध कॉलोनियों की संख्या बढ़ रही है।
सरकार की ओर से रेवाड़ी और बावल की आठ कॉलोनियों को नियमित किया है। अभी और भी कॉलोनियां बची हुई है जल्द वह भी नियमित की जाएगी।
-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद