रेवाड़ी। बुधवार को जिले की सब्जी मंडियां पूर्ण रूप से बंद रहीं। जिले में बिठवाना, बावल, कोसली व धारूहेड़ा में सब्जी मंडियां बनाई गई हैं। हड़ताल की वजह से सभी सब्जी मंडियों को मिलाकर करीब 50 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। पूरे जिले में करीब 80 के आसपास आढ़ती हैं। वहीं, सब्जी मंडियों में करीब 200 के आसपास दिहाड़ी मजदूर कार्य करते हैं। कुछ मजदूर ऐसे हैं जो तनख्वाह पर काम करते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों को हुई है क्योंकि उन्हें रोजाना दिहाड़ी करने पर ही पैसा मिलता है। दूसरी तरफ शहर में नाईवाली चौक स्थित फुटकर सब्जी मंडी सुचारू रूप से चलती रही। दरअसल, यहां पर रेहड़ियां आदि लगाकर सब्जी व फल बेचे जाते हैं। शहर की सब्जी मंडी 4 किलोमीटर दूर गांव बिठवाना में है। जहां पर आढ़ती बैठते हैं। आढ़तियों की हड़ताल के कारण कुछ फुटकर विक्रेताओं ने सब्जी का मूल्य पांच से 10 रुपये किलो बढ़ाकर बेचा। हालांकि, ऐसे बहुत ही कम विक्रेता थे। कई लोगों ने तो हड़ताल की बात सुनते हुए पहले ही सब्जी खरीदकर रख ली थी। इतना जरूर है कि अगर हड़ताल कुछ दिनों के लिए रहती तो काफी प्रभाव पड़ता।
बढ़ोतरी की नोटिफिकेशन वापस लेने की दी थी चेतावनी
प्रदेश स्तर पर आढ़तियों ने सरकार को 15 दिसंबर तक मार्केट फीस में बढ़ोतरी की नोटिफिकेशन वापस लेने की चेतावनी दी थी, जिस वजह से आज पूरे प्रदेश की मंडियों में हड़ताल करने का ऐलान किया गया था। दरअसल, सरकार की ओर से एडवांस में मार्केट फीस भरने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस नोटिफिकेशन में मार्केट कमेटी फीस में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। आढ़तियों का कहना है कि अगर हड़ताल के बाद भी सरकार ने समाधान नहीं निकाला तो हरियाणा की सारी सब्जी मंडियां अनिश्चितकालीन बंद कर दी जाएंगी और आढ़ती हड़ताल पर चले जाएंगे। आढ़तियों का कहना है कि आढ़ती माल बेचते थे और उसके बाद हर सप्ताह उसकी मार्केट फीस जमा करवा देते थे, लेकिन अब इस नई नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सरकार की तरफ से एडवांस में मार्केट फीस मांगने की बात कही गई है। यह फीस सभी आढ़तियों की माल के आधार पर बनती है। जितना माल वह बेचता है उसके आधार पर यह फीस भरनी होती है।
मार्केट फीस एडवांस कैसे दें : आढ़ती
आढ़तियों के मुताबिक जो आढ़ती पहले एक लाख रुपये तक सालाना फीस के भरते थे, अब उन्हें अधिक फीस भरनी पड़ेगी और हर वर्ष इसमें 10 प्रतिशत बढ़ोतरी भी होगी। एक अप्रैल 2024 से यह पूरे वर्ष की एडवांस लेनेे के लिए सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है। आढ़तियों का कहना है कि जो माल उन्होंने बेचा ही नहीं उसकी मार्केट फीस एडवांस वो कैसे दे दे। उनका कहना है कि यह कोई आढ़ती एडवांस में पूरी फीस भर देता है और वह किसी कारण से छह माह तक मंडी में सब्जी नहीं बेच पाता है तो उसको सीधा नुकसान होगा।
राज्य एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में हड़ताल का ऐलान किया गया था। आढ़तियों की हड़ताल सांकेतिक था। अगर फैसला वापस नहीं लिया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
- हंसराज पोसवाल, प्रधान, सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन