औद्योगिक कस्बा बावल में एक सेनेटरी एवं टाइल व्यापारी से 50 करोड़ की रंगदारी मांगने व गोली चलाते हुए जानलेवा हमला करने की वारदात करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव खेड़ा मुरार निवासी अनिल, संदीप, सोनू, गांव गुर्जर माजरी निवासी सुमित और गांव बनीपुर निवासी रविंद्र उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि रेवाड़ी की शांति लोक सोसायटी सेक्टर-3 निवासी राहुल बत्रा ने सर छोटू राम चौक के निकट रेवाड़ी रोड पर सेनेटरी एवं टाइल्स की दुकान की हुई है। 24 मई की दोपहर बाद मोटरसाइकिल पर तीन युवक दुकान में पहुंचे। युवकों ने राहुल बत्रा को 50 करोड़ देने की धमकी दी थी। विरोध करने पर बदमाशों ने राहुल बत्रा पर गोली चला दी थी। गोली से वह बाल-बाल बच गए थे और दुकान में लगा शीशा टूट गया था। बावल थाना पुलिस ने राहुल बत्रा की शिकायत पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थी। धमकी देने व फायरिंग करने वाले आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस टीमों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में वारदात करने वाले गिरोह के सरगना अनिल कुमार सहित पांच आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
2017 में मांगी थी एक करोड़ की फिरौती
इस वारदात का मास्टरमाइंड अनिल खेड़ा मुरार है। अनिल ने ही संदीप, सोनू व सुमित को सतीश बत्रा के शोरूम पर भेजा था जबकि रविंद्र उर्फ गोलू व खुद अनिल दोनों पास में ही खड़े हुए थे। अनिल खेड़ा मुरार पेशवर बदमाश है। अनिल ने इससे पहले 2017 में बावल कस्बा में ही एक व्यापारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। अनिल पर इससे पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज है।
अनिल के इशारे पर मांगी रंगदारी
वारदात करने वाले गिरोह का सरगना अनिल कुमार आदतन अपराधी है। वह पहले भी रंगदारी के लिए एक व्यापारी को धमकी दे चुका था। अनिल के इशारे पर ही 24 तारीख को व्यापारी राहुल बत्रा को रंगदारी की धमकी दी गई थी। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दुकान में गोली चलाई थी। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने आरोपी सुमित चोकन से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व आरोपी सोनू कसाना से एक देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी ने बताया कि पकड़े गए पांचों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सभी आरोपी नशा करने के आदी हैं।
-खेड़ा मुरार निवासी आरोपी अनिल पर पहले भी रंगदारी मांगने लूट, आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास सहित 9 मामले दर्ज हैं। अनिल कुमार के खिलाफ मॉडल टाउन थाना में एक मामला, शहर थाना में दो मामले, राजस्थान के भिवाड़ी थाना में एक और अन्य मामले बावल थाना में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को को गांव कान्हड़का थाना कोटकासिम जिला अलवर से गिरफ्तार किया है। आरोपी 7 मार्च को एएसजे सुनील कुमार दीवान की अदालत से बेल पर आया था।
- दूसरे आरोपी संदीप के खिलाफ 2021 में बावल थाना में धमकी देने का मामला दर्ज है। आरोपी को गांव बिशनपुर थाना बावल की वाटर सप्लाई में बने कमरे से गिरफ्तार किया है।
- तीसरे आरोपी सोनू के खिलाफ वर्ष 2020 में कसोला थाना में मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी को गांव बिशनपुर थाना बावल की वाटर सप्लाई में बने कमरे से गिरफ्तार किया है।
- चौथे आरोपी सुमित के खिलाफ बावल थाना में वर्ष 2020 में जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज है। आरोपी को गांव बिशनपुर थाना बावल की वाटर सप्लाई में बने कमरे से गिरफ्तार किया है।
- वारदात में पकड़े गए पांचवें आरोपी रविंद्र उर्फ गोलू के खिलाफ वर्ष 2019 में हत्या व लूट का मामला दर्ज है। आरोपी को गांव बिशनपुर थाना बावल की वाटर सप्लाई में बने कमरे से गिरफ्तार किया है।