रेवाड़ी। जिले में साइबर ठगों ने तीन लोगों को ठग लिया है। इसमें पीएचडी की छात्रा को नौकरी का झांसा देकर बैंक खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, दूसरी ओर गांव ढोकिया निवासी कंपनी कर्मचारी से साइबर ठग ने दोस्त बनकर 21 हजार रुपये व गांव काठूवास निवासी एक युवक के बैंक खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शहर के मोहल्ला मुफ्तिवाड़ा निवासी दिव्या पीएचडी की छात्रा है। उन्होंने नौकरी के लिए भी आवेदन किया हुआ था। आठ मार्च को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया और नौकरी के लिए चयन होने के बारे में बताया। फोन करने वाले ने बताया कि वह उनके पास एक लिंक भेज रहे हैं। लिंक पर क्लिक करने पर उनका इंटरव्यू हो जाएगा। दिव्या ने मोबाइल पर आए लिंक को खोला तो उनके बैंक खाते से दस हजार रुपये निकल गए। उन्होंने फोन करने वाले के पास वापस कॉल की तो मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। जगन गेट चौकी पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
उधर, पुलिस ने बताया कि गांव ढोकिया निवासी संदीप एक कंपनी में कार्यरत हैं। दस मार्च को उनके पास एक युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने उसका दोस्त बताते हुए खाते में रुपये भेजने के बारे में कहा। साइबर ठग ने संदीप से बैंक खाता से संबंधित सारी जानकारी ले ली और उनके खाते से 21 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर की ठगी
पुलिस के अनुसार गांव काठूवास निवासी संदीप का नवासा आनलाइन गेम खेलता था। आनलाइन गेम खेलने के दौरान उनके खाते से रुपये कट जाते थे। सतीश ने नवासा से मोबाइल लेकर आनलाइन गेम खेलना बंद कर दिया था। सतीश के नवासा ने फिर से बिना किसी को बताए आनलाइन गेम खेलना शुरू कर दिया और फिर से सतीश के खाते से रुपये कट गए थे। सतीश के नवासा ने गूगल पर सर्च कर कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। कस्टमर केयर की ओर से एक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया, जिस पर संपर्क करने पर मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। साइबर ठग ने सतीश के नवासा द्वारा एप डाउनलोड करा बैंक खाते की जानकारी ले ली और उनके बैंक खाते से 15 हजार 47 रुपये कट गए। कसौला थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच अधिकारी एसआई राजेश ने बताया कि बैंक खाते से रुपये कटने से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और ठग के बारे में सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।