जिले में कोरोना वायरस धीरे-धीरे अपने पैर पसार रहा है। शहरों से लेकर गांव-देहात में भी कोरोना संक्रमण का असर दिखाई देने लगा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को कोरोना वायरस अपनी चपेट में लेने लगा है। यही कारण है कि जिला में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 1048 पहुंच गया है, जिनमें शनिवार को 44 पॉजिटिव शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 10179 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 614 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक आठ मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल जिले में कोविड पॉजिटिव के 426 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 8860 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है तथा शेष 271 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिलेभर में 56 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो विदेश व देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं।
जिलाधीश ने बताया कि जिले में कोविड पॉजिटिव के कुल 426 एक्टिव केस हैं, इनमें 12 विभिन्न अस्पतालों में व 39 जिला कोविड केयर सेंटर में एडमिट हैं, जबकि 375 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शनिवार को जिले से संबंधित 44 नए कॉविड पॉजिटिव केस आए हैं, जिनमें से 21 रेवाड़ी शहर, 13 धारूहेड़ा, 4 बावल तथा एक-एक सुरहेली, कोसली, डरूंगरवास, नेहरूगढ़, गामड़ी, कुतुबपुर व टहना दीपालपुर से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को जिले में 23 कोविड पॉजिटिव ठीक हुए हैं जिनमें से 14 रेवाडी शहर, 6 धारूहेड़ा तथा एक-एक धनौरा, बुडानी व पाली से संबंधित हैं।
शनिवार को लिए गए 500 सैंपल
सीएमओ ने कहा कि जिलाधीश के आदेशानुसार कोरोना संक्रमण के मिले नये क्षेत्रों में कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांटेक्ट ट्रेसिंग व आईएलआई के आधार पर 500 सैंपल लिए गए हैं।