अमर उजाला ब्यूरो
बावल। बावल उपमंडल के गांव मोहनपुर से 27 जून को रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई नौवीं की नाबालिग छात्रा की बरामदगी के लिए बावल चौरासी के आव्हान पर ग्रामीणों द्वारा जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ बनवारी लाल के आवास के सामने दिया जा रहा अनिश्चितकालिन धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा है। ग्रामीणों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री धरनास्थल आ गए होते तो उन्हें रास्ता बदलने की नौबत नहीं आती। उधर, जांच एजेंसी से तालमेल के लिए बनाई गई कमेटी के सदस्यों को थाने बुलाककर अभी तक की गई जांच से अवगत कराया।
छात्रा की बरामदगी के लिए चार अक्टूबर से जारी धरना में बावल चौरासी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों सहित लगभग सौ लोग अनिश्चितकालिन धरना के चौथे दिन रविवार को राज्यमंत्री के आवास के बाहर जमे रहे। धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी कर पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जाहिर की। धरने को समर्थन देने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग पहुंचे। शनिवार को जनस्वास्थ्य मंत्री को धरना स्थल बुलाने के बाद भी नहीं आने से लोगों में रोष बढ़ गया।
वक्ताओं ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में निश्चित रूप से किसी बड़े दवाब में जिसकी वजह से छात्रा को अभी तक बरामद नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने तो यह महज गुमशुदगी का मामला माना था लेकिन बाद में इसको अपहरण में बदला गया था। इस अवसर जिला प्रमुख मंजूबाला, रामकिशन महलावत,महावीर चौपड़ा, पूर्व विधायक रामेश्वर दयाल, सुमेर जैलदार, रामसिंह सरपंच कसौली, प्रताप सिंह, अशोक पहलवान, गीता कुमार, देवदत पंवार, ईश्वर महलावत व दीपक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
थाने में पांच घंटे चली बैठक
रविवार को पुलिस ने जांच में एजेंसी के सहयोग के लिए बनाई गई कमेटी के सदस्यों को थाने में बुलाया तथा क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही जांच को लेकर विचार-विमर्श किया गया। करीब पांच घंटे हुई बैठक के बाद सदस्यों ने बताया कि स्टेट क्राइम ब्रांच की जांच अभी तक सही दिशा में चल रही है। लेकिन जब तक छात्रा बरामद नहीं हो जाती है धरना लगातारी जा रहेगा। कमेटी में जिला प्रमुख मंजूबाला, रामपत, लापता छात्रा के पिता सोनू, ज्योति, मनोज व बनेसिंह शामिल है।
लोगों से बातचीत
नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए दिया जा रहा धरना जारी रहेगा। मामले में अगर जनस्वास्थ्य मंत्री पीड़ित परिवार के साथ है तो उनको लोगों के बीच धरना स्थल पर आना चाहिए, लेकिन वह लोगों के बीच आने से कतरा रहे हैं।
माड़ाराम, प्राणुपरा
नाबालिग छात्रा की बबरामदगी को लेकर पुलिस तंत्र पूरी तरह से फेल रहा है। जब तक बेटी बरामद नहीं होगी धरना लगातार जा रहेगा। लोगों में मंत्री की कार्यप्रणाली से भी रोष है।
रामनाथ