बारिश की फुहार, राहगिरी में जमकर झूमे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। बारिश के खुशनुमा माहौल तथा हलकी बारिश के बीच रविवार को शहर में तीसरी बार राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राहगिरी कार्यक्रम में मौसम के चलते लोगों की भागीदारी कम रही लेकिन बच्चों ने रेन डांस के साथ स्केटिंग का जमकर लुत्फ उठाया। शहर के राजेश पायलट चौक पर रेजांगला पार्क परिसर में पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने बारिश में डांस कर असली रेन डांस का आनंद लिया। शहरवासियों को तनावमुक्त करने और उनका मनोरंजन करने के उद्देश्य को लेकर पुलिस विभाग और जिला प्रशासन ने दो माह पूर्व राहगिरी कार्यक्रम की शुरूआत की थी। इसी कड़ी में रविवार की सुबह तीसरा राहगिरी कार्यक्रम राजेश पायलट चौक पर किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले राहगिरी कार्यक्रम में एसपी राजेश दुग्गल मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया, जबकि कालेज छात्राओं ने फिल्मी, हरियाणवी और राजस्थानी गीतों पर सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने खेल कूद, साइकिलिंग व स्केटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में लोग लाइव स्कैच लेते तो कहीं लाइव पेंटिंग का आनंद उठाते नजर आए। विभिन्न संस्थाओं और राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। इस दौरान लोगों ने तलवारबाजी का हुनर भी दिखाया। ट्रैफिक ताऊ ने लोगों को यातायात का पाठ पढ़ाकर उनसे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने कहा कि जिले में अब तक राहगिरी के सभी कार्यक्रम सफल रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से जहां लोगों का मनोरंजन होता है, वहीं उन्हें तनाव से भी मुक्ति मिलती है। लोगों ने जिस जोश के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया है, उससे साफ जाहिर है कि उन्हें ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत है। एसपी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से देशभक्ति व पुराने संस्कार भी देखने को मिलते है। उप पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह ने राहगिरी कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का आभार जताकर कहा कि यह भीड़ इस बात का प्रमाण है कि यह कार्यक्रम लोगों को पसंद आ रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह कार्यक्रम जारी रहेगा। कार्यक्रम में डीएसपी अनिल कुमार, डीएसपी सुरेश हुड्डा, डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, आरएसओ रमेश कुमार वशिष्ठ, योगाचार्य डा. राकेश कुमार सहित जिला व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।
बारिश ने डाली सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाधा
राहगिरी कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारियों काफी अच्छी थी लेकिन उस समय बारिश प्रारंभ हो जाने के कारण ज्यादातर कार्यक्रम प्रभावित हो गए। जब विभिन्न स्कूलों की छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति प्रारंभ कर रही थी तभी बारिश शुरू हो गई जिसके बाद कार्यक्रम जल्द समाप्त करना पड़ा। बारिश से बने सुबह के समय उमस भरे माहौल की वजह से एक छात्रा भी बेहोश होकर गिर गई जिसे आयोजकों ने तुरंत संभाला
ट्रैफिक के बीच की बच्चों की स्केटिंग
इस बार पुलिस प्रशासन की तरफ से हुडा बाईपास पर ट्रैफिक का डायवर्जन नहीं किया गया था जिसकी वजह से बच्चों को चलते ट्रैफिक के बीच ही स्केटिंग करनी पड़ी। हालांकि बच्चों में इसको लेकर काफी अधिक उत्साह था। इसी तरह रेन डांस भी असली बारिश के साथ किया गया जिसमें इस बार बच्चों ने भी अधिक भागीदारी निभाई।