चिल्हड़ गांव से तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, गुरुग्राम स्टेशन पर मिले
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव चिल्हड़ से रविवार शाम को बारिश के बाद घर से घूमने के लिए निकले तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियाें में लापता होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में बच्चों को गुरुग्राम स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस ने बरामद कर लिया है जिसकी सूचना पुलिस ने परिजनों के साथ सदर थाना में दी जिसके बाद परिजनों ने भी राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार गांव चिल्हड़ निवासी दस वर्षीय आकाश पुत्र परशुराम, तेरह वर्षीय हर्षित कुमार पुत्र सुभाष चंद तथा ग्यारह वर्षीय सूरज कुमार रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे परिजनों को खेतों में घूमकर आने की बात कहकर निकले। इसके बाद परिजन भी इस बात को लेकर बेफिक्र हो गए। जब बच्चे करीब साढ़े सात बजे तक भी घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने बच्चों की तलाश प्रारंभ की तो उनका कोई सुराग नहीं लगा। तत्पश्चात परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के साथ सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस में भी हड़कंप मच गया तथा गांव में स्थित पुलिस चौकी के साथ सदर थाना से पुलिस बल गांव में पहुंचा। पुलिस ने बच्चों को खेतों से लेकर वहां से गुजर रही नहर के भी पास तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। इसी बीच गुरुग्राम जीआरपी थाना से सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई कि चिल्हड़ गांव के तीन बच्चे गुरुग्राम स्टेशन पर मिले हैं।
ट्रेन में सवार होकर पहुंच गए
दरसल चिल्हड़ गांव रेलवे स्टेशन लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर है तथा इन बच्चों ने कभी ट्रेन की सवारी नहीं की थी। इसके चलते शाम को बच्चे जब घर से खेलने के लिए निकले तो खेतों में जाने की बजाय सीधे स्टेशन पर पहुंच गए तथा उसी दौरान सात बजे आई पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर गुरुग्राम स्टेशन पर उतर गए। गुरुग्राम स्टेशन पर उतरने के बाद एक यात्री ने बच्चों को अकेला देखकर इसकी जानकारी रेलवे पुलिस को दी। रेलवे पुलिस ने भी बगैर समय गंवाए हुए तत्काल बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपने गांव का नाम बता दिया जिसके बाद पुलिस ने सदर थाना के साथ उनके परिजनों को बच्चों के मिलने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए तथा देर रात को उन बच्चों को घर ले आए।