50 करोड़ से जगमग होगा नया शहर
अमित विश्वकर्मा
रेवाड़ी।
गढ़ी बोलनी रोड पर नए निर्माण और सेक्टरों को अबाध रूप से बिजली देेेने के लिए शीघ्र ही सेक्टर-18 से लगते गांव कमालपुर में 50 करोड़ की लागत से 132 केवी सब स्टेशन बनने का रास्ता साफ हो गया है। रेवाड़ी का साउथ कहे जाने वाले गढ़ी बोलनी रोड पर कई बिल्डर्स की गगनचुंबी इमारतें बना रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 8 से सटा होने के कारण हुडा के सेक्टर भी इसी तरफ बन रहे हैं। इसको देखकर नई रेवाड़ी की बिजली जरूरतों का पूरा करने के लिए सरकार ने अलग से सब स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। नए के साथ पुराने शहर को भी इस सब स्टेशन से बिजली कटों से निजात मिल जाएगी। उल्लेखनीय है कि अभी तक बिल्डरों और सेक्टरों को भी पुराने शहर से ही लाइट की सप्लाई दी जा रही है। कमालपुर ग्राम पंचायत से एनओसी मिलने के बाद फाइल पंचायती राज्य चंडीगढ़ को भेज दी गई है। जैसे ही जमीन का रजिस्ट्रेशन एचवीपीएनएल के नाम होगा। काम शुरू हो जाएगा।
---------------------
33 केवी के नए तीन सब स्टेशन सेे होगा 100 गांवों को लाभ
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड की तरफ से जिले के गांव मोहनपुर, सुबासेड़ी और बावल स्थित गांव कमालपुर में छह महीने पहले ही करीब 12 करोड़ की लागत से तीन 33 केवी के सब स्टेशन का निर्माण हो चुुका है। इन तीनों सब स्टेशन को एचवीपीएनल के बावल स्थित 132 केवी सब स्टेशन से जोड़ा जाना था। यहां पर 20/25 एमवी का ट्रांसफार्मर नहीं होने के कारण यह जोड़ा नहीं जा रहा था। एचवीपीएनएल ने यहां पर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। दो या तीन दिन में ट्रांसफार्मर का टेक्निकल काम पूरा होने के बाद तीन सब स्टेशन को इससे जोड़ दिया जाएगा। इसका फायदा 100 गांवों को होने के साथ शहर को भी मिलेगा। इनके शुरू होने से बिजली कट कम हो जाएंगे।
-----------------------
रामपुरा में जमीन तलाशने का काम पूरा
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का गांव कहने को तो शहर के अंदर आता है लेकिन बावल विधानसभा से जुड़ा होने के कारण सुविधाएं नहीं हैं। गांव को 24 घंटे रोशन करने के लिए बिजली निगम नारनौल रोड पर 33 केवी सब स्टेशन बनाने के लिए जमीन तलाश रहा था। बुधवार को कंस्ट्रक्शन नोडल और अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर जमीन को हरी झंडी दे दी है। इसके निर्माण पर करीब चार करोड़ की लागत आएगी। निर्माण के बाद रामपुरा के साथ आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।
---------------
जिले में हैं 12 सब स्टेशन
जिले में कुल 42 पावर सब स्टेशन हैं। इनमें से 220/66 केवी के तीन, 132/33 और 132/11 केवी के सात, 66/11 केवी के दो और 33/11 केवी के 30 पावर सब स्टेशनों से बिजली सप्लाई हो रही है। इसके अतिरिक्त नेहरूगढ़, भांडोर और धारण के साथ बावल औद्योगिक क्षेत्र में भी पावर सब स्टेशन बनने का काम चल रहा है। सभी पावर स्टेशन बनने के बाद रेवाड़ी में काफी हद तक बिजली समस्या का समाधान हो सकता है।
-------------
करीब 65 करोड़ से होगा व्यवस्था का कायाकल्प
जगमग म्हारा गांव के तहत जिले की सभी 358 पंचायतों में 24 घंटे बिजली देने के लिए 30 करोड़ का टेंडर छोड़ा गया था। व्यवस्था दुरुस्त एवं गुणवत्ता का काम करने के लिए अब इसकी राशि 50 करोड़ तक कर दी गई है। वहीं दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत जिले में 13 करोड़ की लागत से व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। वहीं एक अन्य स्कीम आईपीडीस के तहत भी 1.25 करोड़ की लागत से काम किया जा रहा है।
---------------
सेक्टर-18 से लगते गांव कमालपुर में जमीन मिलने का काम लगभग पूरा हो चुुका है। जमीन का पंजीकरण होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। करीब 50 करोड़ की लागत से बनने वाले 132 केवी पावर स्टेशन से नई रेवाड़ी के साथ बीएमजी तक को बिजली सप्लाई दी जाएगी। बिल्डर्स और सेक्टरों को जहां बिना कट बिजली मिलेगी। वहीं पुराने शहर पर लोड कम होने से उनको भी फायदा होगा। बावल स्थित 132 केवी सब स्टेशन से जल्द ही तीन 33 केवी सब स्टेशन को जोड़ दिया जाएगा। - सुरेश यादव, कार्यकारी अभियंता, एचवीपीएनएल, रेवाड़ी
बुधवार को रामपुरा में बनने वाले 33 केवी पावर स्टेशन निर्धारित जमीन का मुआयना किया गया है। जल्द ही इसे हरी झंडी मिल जाएगी। इसके बनने से रामपुरा को चौबीस घंटे बिजली मिलने के साथ ही आसपास के गांव को भी फायदा होगा। इस पर करीब चार करोड़ की लागत आएगी। एचवीपीएनएल इसी सप्ताह हमारे सुबासेडी, मोहनपुर और बावल स्थित कमालपुर 33 केवी सब स्टेशन को भी जोड़ देगा। इसी के साथ 60 करोड़ से अधिक की लागत से व्यवस्था का कायाकल्प करने का काम किया जा रहा है। यह सारी कवायद जिले को 24 घंटे बिजली देने के लिए की जा रही है। - राजकुमार जाजौरिया, अधीक्षक, अभियंता, डीएचबीवीएनएल, रेवाड़ी