संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के वार्ड नंबर 9 में वीरवार को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 400 परिवार को लाभ मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य फैमिली आईडी के माध्यम से आमजन को हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना था।
इस विशेष शिविर में नगर पार्षद मंजू भालिया, पार्षद प्रतिनिधि रमेश भालिया, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्याम सुंदर चुघ, नगर पार्षद मनीष गुप्ता और मुकेश वर्मा उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से सीधे संवाद भी किया।
पीपीपी हरियाणा के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और त्वरित तरीके से मिले। इस कैंप में 400 परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनवाया गया।
कैंप में आए नागरिकों ने बताया कि उन्हें पहले कई योजनाओं के लिए अलग-अलग विभागों में चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलने से समय और पैसा दोनों की बचत हो रही है।
बुजुर्ग महिलाओं ने कहा कि वे पहले कभी सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन नहीं कर पाई थीं, लेकिन अब ऐसे कैंपों की वजह से वे सीधे जुड़ पाई हैं। युवाओं ने भी आय व जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा बेरोजगारी भत्ता जैसी सुविधाओं के लिए अपने आवेदन किए।
नगर पार्षद मंजू भालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार की सोच सराहनीय है, जिससे जनता को सीधे लाभ मिल रहा है। कैंप में फैमिली आईडी तकनीकी टीम, डेटा ऑपरेटर, हेल्प डेस्क स्टाफ तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने मिलकर सेवाएं दीं।