संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में शुक्रवार को डेंगू के 4 मामले सामने आए। इसके साथ ही डेंगू मरीजों की संख्या 236 पहुंच गई है। इनमें 104 मरीज अकेले शहर के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू पर नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।
मलेरिया इंस्पेक्टर बिरेंद्र सिंह ने नागरिकों से घर और आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ठहरे हुए पानी में काला तेल डालें। घर के बर्तन, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें ताकि मच्छर का लार्वा न पनप सके।
डेंगू और मलेरिया के लक्षण होने पर खून की जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें। पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थों का सेवन करें। डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर दिन में काटता है और स्थिर एवं साफ पानी में पनपता है।
उप सिविल सर्जन एवं मलेरिया उन्मूलन नोडल अधिकारी डॉ. अमित यादव ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देशानुसार लगातार जांच और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। डेंगू और मलेरिया के मामलों वाले हाटस्पॉट क्षेत्रों में फॉगिंग भी कराई जा रही है।बताया कि नगर परिषद और पंचायत विभाग को फागिंग को लेकर पत्र जारी किया हुआ है। अगर ठीक प्रकार से फागिंग होगी तो लार्वा नष्ट होंगे।