संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। शहीद मेजर विकास यादव राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसली में खंडस्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। इस मौके पर विभिन्न खेलोें के विजेता 350 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
खेल स्पर्धा के समापन पर मुख्य अतिथि एसडीएम कोसली विजय सिंह यादव रहे। अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह यादव ने की।मुख्य अतिथि विजय सिंह यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि खेलों में भी देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा, खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि खंड के खेल इतिहास में पहली बार 350 से अधिक विजेता विद्यार्थियों को शतरंज, कबड्डी, ताइक्वांडो, क्रिकेट, खो-खो समेत विभिन्न खेलों में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन की विशेष मांग डीपीई और पीटीआई एसोसिएशन द्वारा की गई थी। प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया।
इस मौके पर हसला के प्रदेश उपाध्यक्ष रवींद्र भाकली, सरपंच श्याम यादव, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान बाबूलाल यादव,प्राचार्य दयानंद भारद्वाज, जितेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, विद्या भूषण गुप्ता, प्रवक्ता माया यादव, बाल योगेश्वर, नीलम रानी, सोनिका, सुभाष, पीटीआई सत्या यादव व अन्य मौजूद रहे।