बावल। निकटवर्ती गांव मंगलेश्वर में शनिवार शाम सात बजे होली पर हुए झगड़े की रंजिश को लेकर बस स्टैंड पर मैटेरियल सप्लायर को सीमेंट लेने के बहाने अपनी दुकान पर बुलाकर उसको देसी पिस्तौल से गोली दाग दी। बस स्टैंड पर गोली की आवाज सुनकर दुकानदारों व आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों को आता देख हमलावर भाग गया। घायल को बावल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
23 वर्षीय मोनू 23 ने बताया कि वह गांव मंगलेश्वर का रहने वाला है। गांव के ही बस स्टैंड पर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करता है। शनिवार शाम करीब 7 बजे उसके फोन पर अज्ञात नंबर से फोन आया कि सीमेंट लेना है। फोन करने वाले ने कहा कि वह उनकी दुकान के पास खड़ा है। मोनू ने बताया कि जब वह बस स्टैंड स्थित दुकान पर पहुंचा तो यहां खड़े एक युवक ने अपनी जेब से देशी पिस्तौल निकाली और उसे गोली मार दी। गोली दाएं हाथ में लगी और वह घायल हो गया। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग उसकी तरफ दौड़े, तब तक हमलावर भाग गया। बताया जाता है कि होली पर किसी बात को लेकर हमलावर का मोनू से झगड़ा हो गया था, इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया है। थाना प्रभारी बावल विनोद कुमार ने बताया कि मोनू के बयान के आधार पर आरोपी जस्सू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस टीम लगा दी गई है।