रेवाड़ी। लोकसभा चुनाव के लिए नगराधीश रविन्द्र यादव ने जिले के प्रीसाइडिंग ऑफिसर्स (पीओ) व वैकल्पिक प्रीसाइडिंग ऑफिसर्स (एपीओ) को बुधवार को बाल भवन में चुनाव प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 1200 पीओ व एपीओ को चुनाव सामग्री के लेन-देन से लेकर मतदान के बाद ईवीएम व वीवीपैट मशीनें जमा करवाने तक प्रत्येक कार्य की ट्रेनिंग दी गई।
रविन्द्र यादव ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव में इस बार ईवीएम मशीनों के साथ वीवीपैट मशीनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान को सुचारु तरीके से संपन्न करवाने के लिए जरूरी है कि सभी पीओ व एपीओ इनके संचालन में पूरी तरह से दक्ष हो। उन्होेंने कहा कि मतदान शुरू होने से 1 घंटा पूर्व प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट के समक्ष मॉक पोल करवाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक प्रत्याशी को कम से कम एक वोट और प्रत्येक बूथ पर 50 वोट डाले जाएंगे। पीओ-एपीओ को ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को सील करने, टेस्ट पोल, मॉक पोल, चुनाव सामग्री लेने, लिफाफे बंद करने तथा 12 मई को मतदान के बाद सामग्री वापस जमा करवाने के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने सभी पीओ व एपीओ को निर्देश दिए कि वे अपने हाथों से प्रत्येक कार्य करके देखें ताकि वे अपने कार्य में पूरी तरह से दक्ष हो सकें। सभी पीओ-एपीओ ने मास्टर ट्रेनर्स की देखरेख में अपने हाथों से ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन व चुनाव से जुड़े अन्य कार्य करके देखे। प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म दिखाकर मशीनों की जानकारी भी प्रदान की। इस अवसर पर चुनाव नायब तहसीलदार दलीप सिंह, राजेश कुमार सहित चुनाव प्रक्रिया से जुडे़ अधिकारी उपस्थित थे।