फोटो : 29अनाज मंडी में लगा गेहूं का ढेर। संवाद
रेवाड़ी। जिले की रेवाड़ी व कोसली अनाज मंडी में सरसों के साथ गेहूं की आवक हो रही है। तीनों अनाज मंडियों में अभी तक दो लाख क्विंटल से अधिक सरसों की सरकारी खरीद हो चुकी है। गेहूं में अभी नमी की अधिकता परेशान कर रही है। रेवाड़ी अनाज मंडी में वीरवार को 34 किसानों से 2500 क्विंटल गेहूं 2425 रुपये एमएसपी की दर से खरीद की गई।
गेहूं की खरीद 12 प्रतिशत नमी तक की जाएगी, जबकि अभी मंडी में आने वाले गेहूं में ज्यादा नमी आ रही है। रेवाड़ी अनाज मंडी में 259 किसानों से 5000 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। बावल में 83 टोकन कटे। 1827 क्विंटल सरसों खरीदा गया। मौजूदा समय में अनाज मंडियां सरसों से अटी पड़ी है। जितनी आवक हो रही है, उसका 50% ही अभी उठान हो पा रहा है। ऐसे में अब गेहूं की आवक होने के बाद मंडियां अनाज से अट गई हैं। इससे व्यवस्था बनाने में भी काफी परेशानी हो रही है। हर साल इसी प्रकार की स्थिति देखने को मिलती है। आढ़ती चाहते हैं कि सरसों की उठान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। नहीं तो गेहूं और सरसों मंडी में रखना काफी मुश्किल हो जाएगा। व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी आदेश जारी कर दिए हैं, ताकि समय रहते किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंडी प्रशासन का कहना है कि उठान कार्य में जल्द ही तेजी लाई जाएगी, इसके लिए दिन-रात कार्य चल रहा है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी
यह एजेंसियां कर रही खरीद
रेवाड़ी, कोसली व बावल की मंडी में गेहूं खरीद किया जाएगा। इनमें रेवाड़ी शहर की नई अनाज मंडी में मंगलवार, वीरवार व शनिवार को फूड सप्लाई और सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को हैफेड की ओर से खरीद की जाएगी। इसी तरह बावल में केवल हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन का ही शेड्यूल है। कोसली की मंडी में नए बदलाव अनुसार सोमवार व बुधवार को फूड सप्लाई और बाकी दिन हैफेड का शेड्यूल रहेगा।
मापदंड पर ही होगी खरीद : डीएम
हैफेड के डीएम प्रवीण शर्मा ने कहा कि हैफेड का रेवाड़ी मंडी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खरीद का शेड्यूल है। अब कोसली की मंडी में भी मंगलवार, वीरवार, शुक्रवार व शनिवार को भी शेड्यूल दिया गया है। उन्होंने कहा कि गेहूं में 12 फीसदी से कम नमी होनी चाहिए। मापदंड पर खरा उतरने वाली ढेरी की ही खरीद की जाएगी। इसलिए किसान परेशानी से बचने के लिए अपनी उपज को सुखाकर और साफ करके लाएं।