रेवाड़ी। जिले के गांव लाधुवास में सोमवार महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक दिन पहले ही वह अपने मायके झज्जर के सालहावास में भाई की कलाई पर राखी बांधकर लौटी थी। आरोप है कि ससुरालियों से तंग आकर उसने यह कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार झज्जर के साल्हावास निवासी पूजा (22) की शादी जिला के गांव लाधुवास अहीर निवासी दीपक के साथ दो साल पहले हुई थी। दोनों के एक 9 माह की बेटी भी है। रविवार को रक्षाबंधन के त्योहार पर वह अपने पति के साथ मायके में भाई को राखी बांधने के लिए गई थी। देर शाम दोनों पति-पत्नी अपनी बेटी के साथ वापस घर लौटे थे। पति ने बताया कि घर लौटने तक सब कुछ ठीकठाक था। पूजा सिरदर्द बता रही थी। शाम को ही उसने पत्नी को दवाई लाकर दी और वह अपनी बेटी को अपने साथ लेकर अलग कमरे में सो गया। सुबह काफी देर तक जब पूजा कमरे से बाहर नहीं आई तो वह उसके कमरे में पहुंचा। उस वक्त वह फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने तुरंत पूजा को नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, सूचना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने पूजा के मायके वालों को सूचित किया। सूचना के बाद पूजा के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूजा को दहेज को लेकर ससुराल पक्ष की तरफ से परेशान किया जा रहा था। तभी उसने यह कदम उठाया। रामपुरा थाना पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।