ई-पंचायत के विरोध खंड कार्यालय पर दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी/खोल।
प्रदेश के सरपंचों की तरफ से प्रदेशभर में ई-पंचायत का विरोध किया जा रहा है। शनिवार को जिले के रेवाड़ी और खोल खंड के सरपंचों ने खंड कार्यालयों के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरपंचों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सरपंचों का कहना था कि जब तक सरकार ई-पंचायत को खत्म नहीं करेगी सभी सरपंच धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के निलंबित सभी ग्राम सचिवों को भी तत्काल बहाल किया जाए। सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान चौधरी चरण सिंह ने बताया कि सरकार को ग्राम विकास को ध्यान में रखकर ई-पंचायत को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। इस मौके पर रेवाड़ी खंड के प्रधान मनोज कुमार, जाटूसाना खंड के प्रधान प्रदीप रोझूवास, अलावलपुर के सरपंच दिनेश कुमार, रायपुर के सरपंच रविंद्र, संबासेहड़ी के सरपंच राजेंद्र व झाबुआ के सरपंच भीम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
उधर, खोल खंड के सरपंचों ने भी खोल खंड कार्यालय के सामने धरना देकर ई-पंचायत के विरोध में प्रदर्शन किया। सरपंचों ने कहा कि जब तक सरकार ई-पंचायत को खत्म नहीं करेगी तब तक सरपंचों का धरना निर्बाध रूप से जारी रहेगा। इस मौके पर सरपंच श्योताज मनेठी, सरपंच खालेटा सतरूप, सरपंच रविंद्र चैहान मायण, सरपंच पुसिंका भूपेंद्र, सरपंच खोल रामपाल चौहान, सरपंच मामड़िया व सरपंच खोरी सहित अन्य मौजूद रहे।