मॉडल टाउन में नप की दुकानों के बरामदों पर पक्का अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
करीब एक साल बाद नगर परिषद की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की शुरुआत की गई है। स्थाई और अस्थाई दोनों तरह के अतिक्रमण पर नप का पीला पंजा चल रहा है। कार्रवाई पांच दिन से लगातार जारी है। लेकिन अब एक आवाज भी उठने लगी है। लोगों का कहना है कि साहब शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटाना ठीक है। लेकिन नप की दुकानों के आगे से भी अतिक्रमण हटना चाहिए।
शहर के शिव चौक से गांधी चौक तक नगर परिषद रेवाड़ी की दुकानें हैं। करीब 150 दुकानों के सामने नप ने लोगों के पैदल आनेजाने के लिए बरामदों को निर्माण किया हुआ है। लेकिन दुकानदारों व अन्य लोगों ने इन बरामदों को बंद कर अपनी दुकानों के साइज डबल कर लिया। वहीं आधी सड़क पर वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में पैदल चलने वाले सड़क के बीच में चलने को मजबूर हैं। इससे जहां दुर्घटनाओं का खतरा रहता है, वहीं ट्रैफिक की समस्या भी होती है।
---
कब्जों की जमीन पर होटलों तक का निर्माण
मॉडल टाउन में रिहायश के साथ व्यवसायिक गतिविधियों के लिए भी अनुमति होती है। इसलिए यहां पर सुबह से लेकर देर रात तक आने-जाने वालों की भीड़ लगी रहती है। एक-एक दुकान का किराया भी वसूला जाता है। वहीं कुछ लोगों ने नप से सांठगांठ कर नप की जमीन पर रेस्टोरेंट से लेकर होटल तक खोले हुुए हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद इन लोगों के कब्जों नहीं हटाया जा सका।
---
दो साल पहले तोड़ा गया था बरामदों का अतिक्रमण
मीडिया में मुद्दा उछलने के बाद नप की ओर से करीब दो साल पहले कुछ बरामदों के रास्ते को रोकने के लिए बनाई गई दीवारों को तोड़ा था। लेकिन कुछ दिन बाद ही हालात जस के तस हो गए।
---
पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाया गया है। कोई कितना भी बड़ा हो अतिक्रमण हटाया जाएगा। अच्छी बात यह है कि शहर के लोग शहर को सुंदर बनाने के लिए स्वयं अतिक्रमण हटाएं। अन्यथा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा। सोमवार को भी करीब 80 हजार रुपये के चालान काटे गए।
मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद
-----
पांचवें दिन छह घंटे कार्रवाई, 80 हजार रुपये के काटे चालान
अतिक्रमण के खिलाफ चलाई जा रही नगर परिषद की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रही। छह घंटे चली कार्रवाई में कई जगह से अतिक्रमण हटाकर करीब 80 हजार रुपये के चालान किए गए। कार्रवाई से दुकानदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सुबह 11 बजे नगर पषिद की टीम नई सब्जी मंडी पहुंची। यहां कटला बाजार, पुरानी सब्जी मंडी और बारा हजारी पहुंची। टीम ने यहां दुकानों के बाहर किए अतिक्रमण को हटाया। पक्के निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। नगर परिषद की टीम जहां से भी गुजरती वहां से दुकानदार अपने आप ही सामान अंदर करने लग जाते। कई जगह तो दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए। करीब साढ़े 12 बजे नगर परिषद की टीम कार्रवाई करते हुए कटला बाजार पहुंची। यहां पर एक दुकानदार ने बाहर फड़ पर नमक के कट्टे रखे हुए थे। कार्रवाई के दौरान यहां नप कर्मियों और दुकानदार में काफी बहस भी हुई।
---
हाथों हाथ किए चालान
नप की टीम ने करीब 18 दुकानों के 70 हजार रुपये के चालान भी काटे। चालान प्रक्रिया इतनी जबरदस्त थी कि हर कोई इसे देखकर स्तब्ध था। नगर परिषद की टीम किसी को भी छोड़ने के मूड में नहीं थी। बारा हजारी बाजार में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर पक्की सीढ़िया बनाई हुई थी। इन्हें जेसीबी से तोड़ा गया।