संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पेयजल की जांच के लिए मोबाइल जल जांच वैन की शुरूआत की गई है। यह वैन एक दिन में सात से आठ पंचायतों से पेयजल का एक-एक नमूना लेकर मौके पर जांच करेगी। जिले की 208 ग्राम पंचायतों में पानी में मौजूद रासायनिक तत्वों व केमिकल की जांच होगी। जिले में पूरे माह यह अभियान चलेगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश राठी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांवों में वैन के पहुंचने पर पेयजल लेकर उसकी जांच की जाएगी। इस मोबाइल लैब में पीने के पानी में केमिकल जांच की जाएगी। पानी के पीएच, एलक्लेनिटी, टीडीएस, हार्डनेस, जिंक, नाइट्राइट फ्लोराइड, आदि की जांच होगी। अगर रसायनिक तत्वों की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तो यह रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और उसके बाद विभाग आवश्यक कार्यवाही करेगा।
एक दिन में 8 पंचायतों में जाएगी वैन
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार योगेंद्र परमार ने बताया कि मोबाइल लैब का मुख्य उद्देश्य जल की गुणवत्ता की जांच के प्रति ग्राम पंचायत को जागरूक करना है। यह मोबाइल लैब जिले में 31 मई तक गांवों में मौके पर जाकर पेयजल स्रोतों की जांच करेगी। जल जांच मोबाइल लैब एक दिन में 8 ग्राम पंचायतों को कवर करेगी। एक ग्राम पंचायत से केवल एक पेयजल नमूना लिया जाएगा। जांच का परिणाम भारत सरकार और विभाग की वेबसाइट पर भी अपडेट किया जाएगा। यह काम पहले उन ग्राम पंचायतों में किया जाएगा, जहां प्री-मानसून केमिकल जांच होना अभी बाकी है, मोबाइल लैब के साथ जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खंड संसाधन समन्वयक, जिला जल जांच प्रयोगशाला सहायक व अन्य अधिकारी साथ रहेंगे।
वर्जन :
मुख्यालय ने पीने के पानी की केमिकल जांच व आमजन को पानी की शुद्धता के प्रति सजग करने के लिए मोबाइल जल जांच वैन चलवाई है। वैन गांव-गांव भेजकर पानी के नमूने लेकर उनकी मौके पर ही जांच करेगी। वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया गया है। -सतीश राठी, अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग रेवाड़ी।
-
इस मोबाइल लैब के माध्यम से पीने के पानी की केमिकल जांच की जाएगी। अगर रसायनिक तत्वों की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तो यह रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।-दिलबाग सिंह, केमिस्ट, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग रेवाड़ी।