समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे लोग। स्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। उपायुक्त अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय पर लगाए जा रहे समाधान शिविर के दौरान बुधवार को विभिन्न विभागों से संबंधित 18 शिकायतें आमजन द्वारा रखी गई। इनमें क्रीड से संबंधित दो शिकायतें ऐसी थी, जिनको मौके पर ही निपटा दिया गया, जबकि 16 शिकायत के निदान की दिशा में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। इन शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए उन्हें पाबंद किया गया है कि इन पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में नियमित रूप से कार्यालय उपायुक्त को अवगत करवाया जाए। बुधवार को 18 शिकायतों में से अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से संबंधित 3 शिकायतें, पुलिस से संबंधित 9, जिला राजस्व अधिकारी से संबंधित 1, जिला विकास और पंचायत अधिकारी से संबंधित 4 और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से संबंधित 1 शिकायत प्राप्त हुई।
समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त अभिषेक मीणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित और अन्य विभाग अध्यक्ष की उपस्थित रहे। समाधान शिविर में आने वाले लोगों की शिकायतों को सुनने के उपरांत उपायुक्त ने अधिकारियों से शिकायतों के निदान की समय सीमा के बारे में भी पाबंद किया।
उन्होंने कहा कि सुशासन की अवधारणा को सार्थक करने के लिए प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को उनके कार्यों के लिए बेवजह परेशान न होना पड़े। इसलिए अधिकारियों का भी कर्तव्य है कि वह सिटीजन चार्टर और सेवा का अधिकार अधिनियम के अनुरूप आमजन के कार्यों को निश्चित समय सीमा में निपटाएं। इस अवसर पर एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सीटीएम प्रीति रावत तथा डीडीपीओ नरेंद्र सारवान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।