टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराते लोग।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले में अभी तक 231267 लोगों को कोरोना टीके की डोज दी जा चुकी हैं। वहीं कोरोना के रिकवरी ग्राफ में बढ़ोतरी होने पर जिले में अब 214 कोरोना एक्टिव केस बचे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सब ठीक होंगे और एक बार फिर रेवाड़ी कोरोना मुक्त की लिस्ट में होगा। रविवार को भी 54 नागरिक ठीक हुए हैं, वहीं 17 नए संक्रमित भी मिले हैं। राहत की बात यह भी है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना से कोई जान नहीं गई।
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 273902 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से 253943 लोग निगेटिव पाए गए हैं। रविवार को 17 नए संक्रमित मिलने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19959 पर पहुंच गई है। वहीं रविवार को 54 लोगों ने कोरोना का मात दी है, जिससे अब जिला में 19494 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब जिले में कुल 214 कोरोना के एक्टिव केस हैं और उनकी हालत में सुधार है। उन्होंने कहा कि रविवार को किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। अब तक जिले में 251 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले 24 घंटे में 1502 लोगों के सैंपल लिए हैं। जिनकी रिपोर्ट जल्द ही जारी कर दी जाएगी। इधर, सीएमओ ने बताया कि जिले में 27 नागरिक ब्लैक फंगस की संदिग्ध बीमारी से ग्रस्त मिले हैं। जिसमें से 2 नागरिकों की मौत हो चुकी है।
205 लोगों को लगाई गई कोरोना की वैक्सीन
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने जिला में वैक्सीन प्रक्रिया तेज कर दी है। रविवार को विभाग द्वारा 194 लोगों को पहली व 11 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक 231267 लोगों को डोज दी जा चुकी है। प्रशासन का लगातार प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को डोज दी जाए और इसके लिए गांव व शहर के अनेक जगहों पर टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं।
कोसली क्षेत्र में 81 नागरिकों के लिए गए सैंपल
नाहड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गांव सुरहेली और कृष्ण नगर में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की कोरोना जांच करते हुए कुल 81 नागरिकों के सैंपल लिए। एसएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि सीएचसी कोविड प्रभारी डॉ. राजीव लखेरा, डॉ. मंजूलता आदि की टीम द्वारा कोरोना से बचाव को लेकर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। टीमें गांव में शिविर लगाकर टीकाकरण और सैम्पलिंग कर रही हैं। एसएमओ ने बताया कि रविवार को उपस्वास्थ्य केंद्र सुरहेली में टीम ने 19 आरटीपीसीआर और 18 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए। वहीं गांव कृष्ण नगर में 22 आरटीपीसीआर और 22 ही रैपिड एंटीजन टेस्ट के जरिये कोरोना की जांच की गई।