राजीव गांधी खेल परिसर की मौजूदा हालत। संवाद
कोसली। जिले के राजीव गांधी खेल परिसरों की दशा में सुधार की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। लंबे समय से जर्जर बिल्डिंग, उखड़े मैदान, टूटी दीवारें और खराब लाइटिंग से खिलाड़ियों को हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार ने 1 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। यह बजट पीडब्ल्यूडी के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया है।
इस राशि के मिलने के बाद गुरावड़ा, आशियाकी पांचोर, मनेठी और कोसली के खेल परिसरों में मरम्मत कार्य शुरू हो जाएंगे। धारूहेड़ा को छोड़कर चारों परिसरों के लिए टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। तीन परिसरों में टेंडर हो चुके हैं और केवल वर्क ऑर्डर जारी होना बाकी है। कोसली खेल परिसर के लिए डीएनआईटी तैयार की जा रही है जिसके बाद इसका कार्य भी शुरू हो जाएगा।