अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 निवासी एक युवक को दिन-दहाड़े कार में अगवा कर युवकों ने एक लाख रुपये छीन लिए। इसके बाद किराए के रूप में 100 रुपये थमाकर निकल गए। मामला पुराने लेन-देन का बताया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने राजपाल समेत अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार सेक्टर-3 निवासी जतिन अदलखा दोपहर को दोस्त के ऑफिस में बैठा था। आरोप है कि कुछ देर बाद इस ऑफिस में स्कॉर्पियो से राजपाल व उसके कुछ अन्य साथी आए और उसे जबरन कार में बैठा लिया। कुछ देर बाद आरोपी उसे एक सूनसान जगह ले गए और जेब में रखे 1 लाख रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे 100 रुपये थमाए और पाली रेलवे फाटक के पास उतार दिए। वापस पहुंचकर पीड़ित ने मामले की जानकारी परिजनों और मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी। मामला पुराने लेन-देन का बताया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने राजपाल समेत अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।