सोमवार से हो सकता है रोडवेज का चक्का जाम
रेवाड़ी। प्राइवेट बसों को परमिट दिए जाने के विरोध में रेवाड़ी में भी सोमवार से रोडवेज का पहिया थम सकता है। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ रेवाड़ी के प्रवक्ता देवेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि शुक्रवार को सभी आठ यूनियन की बैठक जींद में हुई थी। बैठक में रविवार तक समय दिया गया था, लेकिन सरकार शायद हठ पर उतर आई है। उन्होंने बताया कि यदि रविवार शाम तक हल नहीं निकला तो सोमवार से रेवाड़ी से चलने वाली 150 रोडवेज बसों का पहिए भी थाम दिए जाएंगे। जानकारी अनुसार रेवाड़ी में भी करीब 20 प्राइवेट बसों के परमिट को एक्सटेंशन दिया गया है। इसी के विरोध में यहां के रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। रेवाड़ी में भी सभी यूनियनों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी रविवार को सरकार की ओर से होने वाले निर्णय का इंतजार कर रही है।