अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी/बावल। उपमंडल के गांव दुल्हेड़ा खुर्द में वीरवार दोपहर को एक फार्म हाउस में बनी झुग्गियों में सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। आगजनी की इस घटना में झुग्गियों में रहने वाले शुभासेहड़ी गांव के श्रमिकों की 25 हजार रुपये की नकदी सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आगजनी की इस घटना के दौरान सिलिंडर भी फट गया लेकिन गनीमत यह रही है उस समय कोई आसपास नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग की सूचना के बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बावल कस्बा निवासी प्रदीप कुमार अदलखा ने दुल्हेड़ा खुर्द गांव में फार्म हाउस बनाया है। उसने यहां पर खेती के लिए अपनी जमीन को शुभासेहड़ी गांव निवासी संतोष व चुन्ना नाम के श्रमिकों को बंटाई पर दी हुई है। ये श्रमिक फार्म हाउस में ही झुग्गी डालकर रह रहे हैं। वीरवार दोपहर को गैस सिलिंडर का उपयोग करते हुए सिलिंडर में आग लग गई जिसके बाद श्रमिक इसको छोड़कर भाग गए। कुछ समय बाद ही आग तीनों झुग्गियों में फैल गई और इसी दौरान सिलिंडर फटने के बाद आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने पुलिस व दमकल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक झुग्गी में रखा हजारों रुपयों का सामान व 25 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। पीड़ित संतोष व चुन्ना की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।